बरेली: ADG ने की पुलिसकर्मियों के लिए हेल्पलाइन की शुरुआत, मनचाही तैनाती और छुट्टी के लिए आ रहे कॉल्स

जब भी किसी को कोई समस्या होती है तो हम बेझिझक पुलिस के पास चले जाते हैं, पर क्या कभी आपने ये सोचा है कि, जब इन पुलिसकर्मियों को कोई समस्या होती है तो ये किसके पास जाते होंगे. ये देखते हुए बरेली जिले के एडीजी राजकुमार ने एक नई पहल की शुरूआत की है. जिसके अंतर्गत बरेली जोन में पुलिसकर्मी समाधान हेल्पलाइन शुरू हुई है. अब तक इस हेल्पलाइन पर करीब 350 फरियाद आ चुकी हैं. बड़ी बात ये है कि इस नम्बर पर फोन करके पुलिसकर्मी करके मनचाही तैनाती की मांग कर रहे हैं. इतना ही नहीं पुलिसकर्मी छुट्टी भी मांग रहे हैं. पुलिसकर्मियों की माने तो इस पहल से पुलिसकर्मियों को काफी हद तक सहूलियत मिली है. अब हर काम के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ रहे.

लिया जाता है फीडबैक

जानकारी के मुताबिक, बरेली जोन में शुरू हुई इस पुलिसकर्मी समाधान हेल्पलाइन पर जोन के सभी नौ जनपदों बरेली, बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर, मुरादाबाद, अमरोहा, रामपुर, सम्भल व बिजनौर के पुलिसकर्मी अपनी बात रख सकते हैं. हेल्पलाइन पर पुलिसकर्मी सिर्फ फरियाद ही नहीं करते. शिकायत, समस्या के साथ सुझाव भी देते हैं. शिकायत व समस्याओं के निस्तारण के लिए बाकायदा पूरी व्यवस्था है.

जब भी जिस नंबर से शिकायत या समस्या भेजी जाती है. जोन कार्यालय से संबंधित नंबर पर फोन किया जाता है. पूरा प्रकरण समझा जाता है. इसके बाद संबंधित अफसर को समाधान के निर्देश दिये जाते हैं. एक सप्ताह के बाद इसका फीडबैक लिया जाता है. ऐसे में बेहतर रेस्पांस मिलने पर पुलिसकर्मी सीधे अपनी बात रख रहे हैं.

मनचाही तैनाती को लेकर सामने आए सबसे ज्यादा मामले

अभी तक यहां 350 मामलों में सर्वाधिक मामले मनचाही तैनाती को लेकर सामने आए हैं. पुलिसकर्मी अपनी समस्या बताकर तैनाती के लिए संबंधित जनपद बताते हैं. छुट्टी को लेकर कठिनाई बताते हैं. संबंधित प्रकरणों के बारे में तीन दिन के भीतर रिपोर्ट ली जाती है. समस्या तार्किक मिलने पर उसका निराकरण कराया जाता है. इस हेल्पलाइन के शुरू होने की वजह से पुलिसकर्मियों को काफी राहत मिली है.

Also Read : UP में जुमे की नमाज के बाद बवाल पर एक्शन में योगी सरकार, 136 पत्थरबाज गिरफ्तार, बड़ी कार्रवाई की तैयारी

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )