UP: लखनऊ विश्वविद्यालय में एक असिस्टेंट प्रोफेसर और छात्रा के बीच कथित आपत्तिजनक बातचीत का ऑडियो वायरल होने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन और पुलिस सक्रिय हो गई है। वायरल क्लिप में परीक्षा के पेपर ‘आउट’ करने की बात भी सामने आने से मामला और गंभीर हो गया है। प्रशासन ने प्रोफेसर के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए जांच शुरू कर दी है।
वायरल ऑडियो में ‘पेपर आउट’ और मिलने का दबाव
“डार्लिंग तुम्हारे लिए पेपर आउट करा दिया है, एग्जाम से पहले घर से आ जाओ”
लखनऊ यूनिवर्सिटी के असिस्टेंट प्रोफेसर परमजीत सिंह की 2 ऑडियो सामने आई हैं, जिसमें वह BSC की छात्रा पर बार–बार मिलने का प्रेशर बना रहा है। कह रहा है कि मैं तुम पर फिदा हूं। pic.twitter.com/WkMsjLTd0H
— Sachin Gupta (@Sachingupta) May 15, 2026
जियोलॉजी विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर परमजीत सिंह पर आरोप है कि उन्होंने एक छात्रा से निजी और अनुचित बातचीत की। ऑडियो क्लिप में प्रोफेसर छात्रा को आर्थिक मदद और अन्य सुविधाएं देने की बात करते हुए बार-बार मिलने के लिए दबाव बनाते सुनाई दे रहे हैं। बातचीत के दौरान प्रोफेसर कथित तौर पर कहते हैं कि उन्होंने छात्रा के लिए ‘दोनों पेपर आउट कर लिए हैं’ और परीक्षा से पहले मिलने आने को कहते हैं। छात्रा कई बार घर और परीक्षा का हवाला देकर मिलने में असमर्थता जताती है, लेकिन प्रोफेसर लगातार मिलने का आग्रह करते रहते हैं।
छात्रा ने उजागर की कथित हरकत
बताया जा रहा है कि छात्रा ने ही इस ऑडियो को सार्वजनिक किया ताकि प्रोफेसर की कथित गतिविधियों को सामने लाया जा सके। ऑडियो वायरल होने के बाद विश्वविद्यालय परिसर में चर्चा तेज हो गई और छात्रों के बीच नाराजगी देखी गई।मामले में परीक्षा से जुड़े कथित खुलासों ने भी विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं, खासकर ऐसे समय में जब देशभर में परीक्षा सुरक्षा को लेकर पहले से बहस जारी है।
पुलिस ने प्रोफेसर को हिरासत में लिया
उत्तर प्रदेश पुलिस की हसनगंज थाना पुलिस ने विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी प्रोफेसर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जांच एजेंसियां वायरल ऑडियो की सत्यता, उसमें की गई बातचीत और परीक्षा से जुड़े दावों की जांच कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि तकनीकी और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने दिए जांच के आदेश
विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले को गंभीर बताते हुए आंतरिक शिकायत समिति को जांच सौंपी है। कुलपति जे.पी. सैनी ने समिति को 24 घंटे के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि संस्थान की गरिमा और छात्रों की सुरक्षा से समझौता करने वाली किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
छात्रों का प्रदर्शन, सख्त कार्रवाई की मांग
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय परिसर में प्रदर्शन कर आरोपी प्रोफेसर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। छात्रों ने आरोप लगाया कि यदि परीक्षा से जुड़ी गड़बड़ियों और छात्राओं के साथ अनुचित व्यवहार पर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो शिक्षा व्यवस्था पर भरोसा कमजोर होगा।














































