अमेठी : ज़िले में गैस संकट थमने का नाम नहीं ले रहा है। गैस एजेंसी पर कार्रवाई के बाद वितरण व्यवस्था को देव मैरिज लान में शिफ्ट किया गया, लेकिन यहां भी हालात नियंत्रण में नहीं आ पा रहे हैं। सुबह से ही उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लग रही हैं और कई लोगों को सिलेंडर के लिए अगले दिन तक इंतजार करना पड़ रहा है।
व्यवस्था को संभालने के लिए पूर्ति निरीक्षक शुभम चौधरी के नेतृत्व में तीन सदस्यीय टीम दिनभर मौके पर तैनात रहती है, लेकिन वितरण की धीमी रफ्तार और भारी भीड़ के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अमेठी की तीन गैस एजेंसियों के माध्यम से सिलेंडर वितरण किया जा रहा है, लेकिन मांग के मुकाबले आपूर्ति कम पड़ रही है।
पर्ची कटने के बावजूद सिलेंडर नहीं मिल पा रहा
गुरुवार को चाणक्यपुरी के अमर बहादुर सिंह, गायत्री नगर की बबिता बरनवाल और कटरा के महेंद्र मिश्रा सुबह से लाइन में लगे रहे, लेकिन देर से वितरण शुरू होने के चलते शाम तक उनका नंबर आया और तब तक सिलेंडर खत्म हो गया। उपभोक्ताओं का आरोप है कि पर्ची कटने के बावजूद सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। बघवरिया के लाल बहादुर ने बताया कि 10 दिन बाद डीएलसी नंबर मिला, लेकिन अब पर्ची कटवाने में भी दिक्कत हो रही है। वहीं, जरौटा गांव के रमेश मिश्रा ने कहा कि मोबाइल पर नंबर आने के बावजूद उन्हें दिनभर इंतजार करना पड़ा, फिर भी सिलेंडर नहीं मिला।
देर शाम जिला पूर्ति अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया
गुरुवार देर शाम जिला पूर्ति अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्था का निरीक्षण किया। उस समय तक सिलेंडर खत्म हो चुके थे और लोग लाइन में खड़े थे। अधिकारियों के निर्देश पर सभी उपभोक्ताओं को टोकन वितरित किए गए, जिसके आधार पर अगले दिन सिलेंडर देने की व्यवस्था की गई है। पूर्ति निरीक्षक ने भरोसा दिलाया कि जल्द ही सभी उपभोक्ताओं को गैस उपलब्ध कराई जाएगी।
https://youtu.be/U9BxK3lNzRQ?si=EsMVJHE3Vmwn9YvG
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)














































