गोंडा : कैसरगंज लोकसभा क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए जल्द बड़ी खुशखबरी मिल सकती है। सांसद करण भूषण सिंह ने नई दिल्ली में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से मुलाकात कर कैसरगंज में केंद्रीय विद्यालय और जवाहर नवोदय विद्यालय खोलने की मांग उठाई।
सांसद करण भूषण सिंह ने शिक्षा मंत्री को पत्र सौंपते हुए कहा कि कैसरगंज क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा संस्थानों की सख्त जरूरत है। उन्होंने बताया कि बड़ी संख्या में छात्र बेहतर शैक्षणिक सुविधाओं से वंचित हैं। ऐसे में केंद्रीय विद्यालय और नवोदय विद्यालय की स्थापना से क्षेत्र के लाखों विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा, बेहतर संसाधन और प्रतियोगी माहौल मिल सकेगा।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण और पिछड़े क्षेत्रों के प्रतिभाशाली बच्चों को आगे बढ़ाने में नवोदय विद्यालय अहम भूमिका निभाते हैं, जबकि केंद्रीय विद्यालय राष्ट्रीय स्तर की शिक्षा व्यवस्था के लिए जाने जाते हैं। इन संस्थानों के खुलने से कैसरगंज के शिक्षा स्तर में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
मुलाकात के दौरान शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने मांग पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए कहा कि सरकार बच्चों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए गंभीर है और इस दिशा में आवश्यक प्रक्रिया पर विचार किया जाएगा।
इस मुलाकात के बाद क्षेत्र के लोगों और विद्यार्थियों में उम्मीद जगी है कि आने वाले समय में कैसरगंज को शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिल सकती है।












































