लखनऊ: राजधानी के प्रमुख व्यापारी संगठन लखनऊ व्यापार मंडल के त्रैवार्षिक चुनाव में सभी पदाधिकारी निर्विरोध चुने गए। करीब 300 बाजारों का प्रतिनिधित्व करने वाले इस संगठन की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया, जिसमें अमरनाथ मिश्र को लगातार दूसरी बार अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं, संगठन में सक्रिय भूमिका निभा रहे पवन मनोचा को पदोन्नति देते हुए प्रमुख वरिष्ठ महामंत्री बनाया गया। चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद व्यापार भवन में सभी पदाधिकारियों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की।
चुनाव प्रक्रिया संपन्न
गौतमबुद्ध मार्ग स्थित व्यापार भवन में आयोजित चुनाव में किसी भी पद के लिए प्रतिद्वंद्विता नहीं देखने को मिली। चुनाव अधिकारियों ने सभी नामांकन वैध पाए और सभी पदाधिकारियों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया। शपथ ग्रहण समारोह के दौरान व्यापारियों ने संगठन की मजबूती, व्यापारिक हितों की सुरक्षा और आपसी सहयोग को बढ़ावा देने का संकल्प भी लिया।
पवन मनोचा समेत कई पदाधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी
नई कार्यकारिणी में पवन मनोचा को प्रमुख वरिष्ठ महामंत्री का दायित्व दिया गया है। इसके अलावा जितेंद्र सिंह चौहान, उमेश शर्मा, अनुराग मिश्र और देवेंद्र गुप्ता को वरिष्ठ महामंत्री बनाया गया। कुश मिश्रा और मंजीत सिंह दुआ को महामंत्री तथा सुमित गुप्ता को मीडिया महामंत्री नियुक्त किया गया। वहीं, विधानसभा स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए शशि प्रकाश शुक्ला, मनीष कुमार वर्मा और मुश्वीर अहमद ‘मन्शू’ को विधानसभा महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई।
आलमबाग व्यापार मंडल के अध्यक्ष बने सोमेश मिश्रा
वहीं चंदर नगर आलमबाग व्यापार मंडल के अध्यक्ष सोमेश मिश्रा को लखनऊ व्यापार मण्डल का महामंत्री निर्वाचित किया गया है। सोमेश मिश्रा के महामंत्री बनते ही आलमबाग के व्यापारियों में खुशी की लहर दौड़ गई और जोरदार स्वागत किया गया। सोमेश मिश्रा ने कहा कि वो पूरे दमखम के साथ व्यापारी हितों के लिए काम करेंगे और समस्याओं का त्वरित समाधान कराएंगे।
नए बाजारों तक संगठन का विस्तार होगा
अध्यक्ष अमरनाथ मिश्र ने कहा कि लखनऊ तेजी से विस्तार कर रहा है और नए बाजार विकसित हो रहे हैं। ऐसे में व्यापार मंडल भी अपनी पहुंच बढ़ाएगा। उन्होंने बताया कि ट्रांसगोमती और गोमती क्षेत्र के साथ-साथ परिक्षेत्र और जोन स्तर तक संगठनात्मक इकाइयों का गठन किया जाएगा, ताकि व्यापारियों की समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर ही किया जा सके।
व्यापारियों की आवाज को मिलेगी मजबूती
प्रमुख वरिष्ठ महामंत्री पवन मनोचा ने कहा कि संगठन व्यापारियों और प्रशासन के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने का काम करेगा। वहीं, वरिष्ठ महामंत्री जितेंद्र सिंह चौहान ने व्यापारियों के अधिकारों की रक्षा को प्राथमिकता बताया। इस दौरान संगठन की प्रबुद्ध समिति का भी गठन किया गया। इसके अलावा पूर्व सांसद बनवारी लाल कंछल को मुख्य संरक्षक, राजेंद्र कुमार अग्रवाल को चेयरमैन और कई वरिष्ठ व्यापारियों को विभिन्न महत्वपूर्ण पदों की जिम्मेदारी सौंपी गई, जिससे संगठन को अनुभवी और युवा नेतृत्व का संतुलित सहयोग मिल सके।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)













































