भीषण सड़क हादसे से दहला मिर्जापुर! 9 लोग जिंदा जले, 11 की मौत, सीएम योगी ने जताया शोक, मुआवजे का भी ऐलान

मिर्जापुर:  जिले में मऊगंज-मिर्जापुर मार्ग पर बुधवार 22 अप्रैल रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। NH-135 के ड्रामनगंज घाटी क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक के बेकाबू होने से कई वाहन आपस में टकरा गए, जिसके बाद एक बोलेरो गाड़ी में आग लग गई और देखते ही देखते वह आग का गोला बन गई।

ब्रेक फेल ट्रक बना हादसे की वजह

जानकारी के मुताबिक मध्य प्रदेश से चना लेकर आ रहा ट्रक ढलान पर अचानक अनियंत्रित हो गया। उसने आगे चल रही बोलेरो को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गिट्टी से भरे एक अन्य ट्रक से जा टकराई। इसी दौरान पीछे से आ रहा एक और ट्रक भी भिड़ गया। टक्कर इतनी भयंकर थी कि बोलेरो में तुरंत आग लग गई और उसमें सवार लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

Also Read: कौशाम्बी में NH-19 पर भीषण हादसा, 10 की मौत, सड़क सुरक्षा पर फिर उठे सवाल

एक ही परिवार के कई लोग जिंदा जले

इस हादसे में कुल 11 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 9 लोग बोलेरो में सवार थे और जिंदा जल गए। मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि सभी लोग प्रयागराज के मांडा क्षेत्र के हाटा गांव के निवासी थे और मैहर धाम से दर्शन कर लौट रहे थे। इसके अलावा एक कार सवार और एक ट्रक चालक की भी जान चली गई।

राहत और बचाव कार्य में आई मुश्किलें

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। हालांकि आग इतनी भीषण थी कि तत्काल राहत कार्य में काफी दिक्कतें आईं और किसी को बचाया नहीं जा सका। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। फिलहाल पुलिस शवों की पहचान करने और हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।

Also Read: पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण बस हादसा, 21 यात्री गंभीर रूप से घायल, 5 की मौत

मुख्यमंत्री ने जताया शोक, मुआवजे का ऐलान

इस दर्दनाक हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है। यह घटना एक बार फिर सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)