अमेठी : नवनियुक्त प्रभारी मंत्री प्रतिभा शुक्ला आज पहली बार जिला मुख्यालय गौरीगंज पहुंचीं। प्रभार ग्रहण करने के बाद उनके पहले दौरे पर पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में जिला प्रशासन और भाजपा संगठन ने उनका जोरदार स्वागत किया। इसके बाद प्रभारी मंत्री ने भाजपा कोर कमेटी और जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ जिले के विकास कार्यों को लेकर समीक्षा बैठक की।
महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला को एक दिन पहले ही अमेठी का प्रभारी मंत्री बनाया गया है। आज वे पहली बार अमेठी दौरे पर पहुंचीं। जिला मुख्यालय गौरीगंज स्थित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में डीएम संजय चौहान, एएसपी ज्ञानेंद्र कुमार और भाजपा पदाधिकारियों ने बुके देकर उनका स्वागत किया।
स्वागत के बाद प्रभारी मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने जिले के विकास की गति तेज करने के लिए अहम बैठक की। इस बैठक में उन्होंने भाजपा की कोर कमेटी के साथ-साथ जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ विकास योजनाओं की समीक्षा की। कानून व्यवस्था, स्वास्थ्य, शिक्षा और केंद्र-राज्य की योजनाओं के क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला, महामंत्री विषुव मिश्र, उपाध्यक्ष भवानी दत्त दीक्षित मौजूद रहे। वहीं प्रशासन की ओर से डीएम संजय चौहान, एएसपी ज्ञानेंद्र कुमार, एसडीएम प्रीति तिवारी, सीओ अखिलेश वर्मा, सीओ दिनेश मिश्रा समेत अन्य जिला स्तरीय अधिकारी शामिल हुए।
प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने जनता की समस्याओं के त्वरित निस्तारण पर जोर दिया। बैठक में बड़ी संख्या में भाजपा नेता, कार्यकर्ता और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। माना जा रहा है कि प्रभारी मंत्री के दौरे से जिले में विकास कार्यों को नई रफ्तार मिलेगी।













































