बेलघाट सहित करीब आधा दर्जन अस्पतालों पर डायलिसिस की सुविधा देने की तैयारी, सीएमओ ने शासन को भेजा प्रस्ताव, बेलघाट सीएचसी का किया निरीक्षण

गोरखपुर। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में भी स्वास्थ्य महकमा डायलिसिस की सुविधा देने की तैयारी में है। इसके लिए बेलघाट ब्लॉक सहित करीब आधा दर्जन स्थानों पर यह सुविधा शुरू करने के लिए सीएमओ डॉ राजेश झा ने शासन को प्रस्ताव भेजा है। इसी कड़ी में सीएमओ ने शनिवार को बेलघाट सीएचसी का भी दौरा कर आवश्यक तैयारियों का जायजा लिया।

सीएमओ ने बताया कि कैम्पियरगंज, चौरीचौरा, बांसगांव, बेलघाट व पिपरौली ब्लॉक के अलावा नंदानगर स्थित सौ शैय्या अस्पताल में डायलिसिस की सुविधा शुरू करने के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। शासन की अनुमति और दिशा-निर्देशों के अनुसार यह व्यवस्था लागू की जाएगी। इस व्यवस्था के लागू हो जाने से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को इस सुविधा के लिए जिला अस्पताल और बीआरडी मेडिकल कॉलेज में नहीं आना पड़ेगा। जरूरतमंद लोगों को अपने घर के नजदीक सरकारी प्रावधानों के अनुसार डायलिसिस की सुविधा मिल सकेगी। सरकार के निर्देश पर ही यह प्रस्ताव बना कर भेजा गया है।

Also Read : ‘मेरी लाश पापा छू भी ना पाएं…’, कानपुर में वकील प्रियांशु श्रीवास्तव की पांचवीं मंजिल से कूदने के बाद मौत

सीएमओ ने बेलघाट सीएचसी पर ओटी, फार्मेसी, प्रसव कक्ष, स्टोरी, बीपीएमयू सहित विभिन्न वार्डों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधीक्षक को निर्देश दिया कि जिले से प्राप्त दवाओं, उपकरणों और लॉजिस्टिक्स का सही इस्तेमाल होना चाहिए। यह सभी चीजें आवश्यकता के अनुसार ही केन्द्र पर रखी जाएं। साफ-सफाई समुचित हो और अधिकाधिक मरीजों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं देना सुनिश्चित करें।

एलटी के साथ बैठक की

सीएमओ ने दोपहर बाद सीएमओ कार्यालय के प्रेरणा श्री सभागार में जिले भर के एलटी के साथ बैठक भी की। इस दौरान उन्होंने निर्देश दिया कि सभी एलटी रिकॉर्ड को दुरुस्त रखें। स्टॉक अच्छे तरीके से मेंटेन होने चाहिए। किसी चीज की कमी होने पर शीघ्र सूचना दें ताकि पैथालॉजिकल जांच की निर्बाध सुविधा लोगों को मिलती रहे। ऐसा वातावरण तैयार करें कि लोगों को जांच के लिए बाहर की सेवा न लेनी पड़े।