रायबरेली : रायबरेली जिले के गुरबक्शगंज क्षेत्र के ग्राम सभा रघुनाथपुर चंदौली के मजरे राणा का पुरवा में महिलाओं ने शनिवार सुबह शुद्ध पेयजल और सफाई व्यवस्था के अभाव में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। महिलाओं ने कहा कि सरकारी नल तो लगा है, लेकिन उसके बगल की नाली महीनों से गंदगी और कीचड़ से भरी पड़ी है।
नाली की बदबू और गंदगी से परेशान महिलाएं
महिलाओं ने बताया कि नाली में जमा गंदे पानी और कीचड़ के कारण बाल्टी रखने तक की जगह नहीं है। मजबूरी में उन्हें गंदगी के बीच खड़े होकर पानी भरना पड़ता है। इससे बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ गया है। दिसंबर 2025 से अब तक नाली की सफाई नहीं कराई गई है।
लोकसभा में संवाद, गांव में नारकीय हालात
महिलाओं ने तीखा सवाल उठाते हुए कहा कि एक तरफ नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी अपने संसदीय क्षेत्र में महिला संवाद कार्यक्रम कर सशक्तिकरण की बात कर रहे हैं, वहीं उनके क्षेत्र की जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। महिलाओं ने कहा कि गांवों में विकास के नाम पर केवल झांसा दिया जा रहा है।
Also Read : UP एक्शन मोड में बसपा सुप्रीमो मायावती, 24 मई को बुलाई बड़ी बैठक
ग्राम प्रधान का दावा, ग्रामीणों ने खोला झूठ
जब इस मामले में ग्राम प्रधान बराती लाल से बात की गई तो उन्होंने दावा किया कि सफाई कर्मचारी हर हफ्ते गांव में आते हैं और नियमित सफाई होती है। हालांकि ग्रामीणों ने प्रधान के दावे को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि यदि सफाई होती तो नाली इतनी गंदगी से नहीं भरी रहती।
प्रशासन से तत्काल समाधान की मांग
महिलाओं ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि गांव की नाली की सफाई तुरंत कराई जाए और पेयजल की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
यह घटना रायबरेली लोकसभा क्षेत्र में ग्रामीण क्षेत्रों की बदहाल पेयजल और सफाई व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े करती है। स्थानीय प्रशासन पर अब दबाव बढ़ गया है।













































