सहारनपुर: थाना बड़गांव क्षेत्र में लापता हुई एक नाबालिग युवती की हत्या कर उसका शव नहर में फेंकने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने तीन दिन के भीतर खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है. पुलिस के अनुसार, 9 जुलाई 2026 को युवती के परिजनों ने थाना बड़गांव में तहरीर देकर बताया था कि उनकी नाबालिग बेटी घर से बिना बताए कहीं चली गई है.
इस पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की. अगले दिन 10 जुलाई को बेलड़ा नहर से युवती का शव बरामद होने के बाद मामला हत्या में बदल गया. इसके बाद परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर हत्या कर शव नहर में फेंकने का आरोप लगाते हुए पूरक तहरीर दी.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने हत्या, साक्ष्य छिपाने और एससी/एसटी एक्ट की संबंधित धाराएं बढ़ाते हुए विवेचना आगे बढ़ाई. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी देवबंद ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए, जिसके बाद एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई.
तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर की सूचना और विवेचना के आधार पर पुलिस ने रविवार को आरोपी आयान पुत्र साबिर उर्फ शब्बू, निवासी ग्राम बेलड़ा बुजुर्ग, थाना बड़गांव को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के बाद आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया गया.
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक संदीप कुमार, उपनिरीक्षक लाखन सिंह, उपनिरीक्षक सतीश चंद, हेड कांस्टेबल अमरदीप तथा कांस्टेबल निकेत शर्मा की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही. पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत विवेचना अभी जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)














































