‘संजय निषाद भाजपा छोड़ें, इंडिया गठबंधन में दिलाऊंगा सम्मानजनक हिस्सेदारी’

संतकबीरनगर। विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने बुधवार को निषाद समाज के आरक्षण और राजनीतिक भागीदारी के मुद्दे पर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री डॉ. संजय निषाद को खुली सलाह देते हुए कहा कि यदि वह वास्तव में निषाद समाज के हितैषी हैं तो भाजपा का साथ छोड़कर ‘इंडिया’ गठबंधन में शामिल हों। उन्होंने दावा किया कि वह स्वयं कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सपा प्रमुख अखिलेश यादव से बातचीत कर उन्हें गठबंधन में सम्मानजनक सीटें और राजनीतिक हिस्सेदारी दिलाएंगे।

यह भी पढ़ें –Amit Shah Birthday: जानिए एक पोस्टर चिपकाने वाला कार्यकर्ता कैसे बन गया देश का गृहमंत्री

बिहार सरकार के पूर्व मंत्री एवं वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी का बड़ा राजनीतिक दांव 

खलीलाबाद के एक होटल में आयोजित प्रेसवार्ता में मुकेश सहनी ने कहा कि निषाद समाज ने डॉ. संजय निषाद को नेता बनाया और सत्ता तक पहुंचाया, लेकिन सात वर्ष सरकार में रहने के बावजूद समाज को आरक्षण नहीं मिल सका। उन्होंने कहा कि यदि सरकार आरक्षण देने को तैयार नहीं है तो मंत्री पद पर बने रहने का कोई औचित्य नहीं है। समाज के अधिकारों के लिए उन्हें सड़क पर उतरकर संघर्ष करना चाहिए।वीआईपी प्रमुख ने जातीय जनगणना की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि सभी वर्गों की वास्तविक आबादी सामने आने के बाद उसी अनुपात में आरक्षण और राजनीतिक प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जाना चाहिए। कहा कि यह किसी राजनीतिक दल के खिलाफ नहीं, बल्कि निषाद समाज के संवैधानिक अधिकारों की लड़ाई है। इस दौरान वीआईपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष सहनी, कार्यक्रम प्रभारी रविंद्र निषाद सहित पार्टी के पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें –’27 में आएंगे अखिलेश, 32 में भव्य अर्धकुंभ कराएंगे विशेष..’, लखनऊ में फिर शुरू पोस्टरबाजी

25 जुलाई से निकलेगी 101 दिवसीय संकल्प यात्रा

मुकेश सहनी ने घोषणा की कि 25 जुलाई से उत्तर प्रदेश में 101 दिवसीय ‘निषाद आरक्षण संकल्प यात्रा’ शुरू की जाएगी। यात्रा के दौरान गांव-गांव जाकर समाज के लोगों को गंगाजल हाथ में लेकर आरक्षण के समर्थन में संकल्प दिलाया जाएगा। उनका दावा था कि इस अभियान से एक करोड़ लोगों को जोड़ा जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले निषाद समाज को आरक्षण नहीं मिला तो पूरा समाज भाजपा के खिलाफ मतदान करेगा।

======