UP: आजमगढ़ के सरायमीर थाना क्षेत्र में कुँवर नदी किनारे प्रतिबंधित पशुओं के अवशेष मिलने के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर एक आरोपी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने उसके पास से अवैध तमंचा-कारतूस और गोवंश वध में इस्तेमाल किए जाने वाले हथियार बरामद किए हैं।
खेत में मिले थे दो प्रतिबंधित पशुओं के अवशेष
पुलिस के अनुसार, 8 सितंबर को सदरपुर (शाहपुर) गांव में कुँवर नदी के किनारे खेत में दो प्रतिबंधित पशुओं के अवशेष मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पशु चिकित्साधिकारी से अवशेषों का परीक्षण कराया और आवश्यक नमूने सुरक्षित कराए। इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। घटनास्थल से फील्ड यूनिट ने खूनआलूदा व सादी मिट्टी, हैंड स्वाब समेत अन्य फॉरेन्सिक साक्ष्य भी जुटाए।
Also Read: UP: एक लाख इनामी गौ तस्कर पुलिस मुठभेड़ में घायल साथी गिरफ्तार
हथियार लेकर जा रहे थे आरोपी, पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार रात मुखबिर से सूचना मिली कि घटना में शामिल कुछ आरोपी वध में प्रयुक्त हथियार लेकर सदरपुर (शाहपुर) से कादनपट्टी की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक भुवनेश कुमार चौबे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घेराबंदी कर दी। पुलिस को देखकर चार आरोपी भागने लगे। पीछा करने पर तीन आरोपी अंधेरे, खेतों और इलाके की भौगोलिक स्थिति का फायदा उठाकर फरार हो गए, जबकि एक आरोपी पुलिस के घेरे में आ गया।
फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई, पैर में लगी गोली
पुलिस का दावा है कि घिरने के बाद आरोपी ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग की। आत्मसमर्पण की चेतावनी के बावजूद उसने दोबारा गोली चलाने का प्रयास किया, जिसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी। घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर जिला अस्पताल आजमगढ़ भेजा गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मो. साबिर पुत्र स्व. शकील, निवासी शाहपुर (सदरपुर), थाना सरायमीर, के रूप में हुई है।
तमंचा, चापड़ और चाकू बरामद, तीन साथियों के नाम सामने आए
पुलिस ने आरोपी के कब्जे और निशानदेही से .315 बोर का देशी तमंचा, एक फायरशुदा खोखा, एक जिंदा कारतूस, एक चापड़, दो चाकू और लकड़ी का गोलाकार ठीहा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में साबिर ने घटना में अपने तीन साथियों सैफ, आजम उर्फ पप्पू और असजद के शामिल होने की जानकारी दी है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।



















































