UP: बांदा में रक्षाबंधन से पहले मिठाइयों और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर खाद्य विभाग ने सख्ती तेज कर दी है। 26 अगस्त को चलाए गए विशेष अभियान में टीम ने कई प्रतिष्ठानों और वाहनों की जांच की। कार्रवाई के दौरान प्रथम दृष्टया संदिग्ध मिली करीब 20 किलो डोडा बर्फी मौके पर ही नष्ट कराई गई, जबकि 103 किलो खुले सरसों के तेल के सात टीन सीज कर दिए गए। वहीं, 25 अगस्त को कैंथी बाजार से जब्त किया गया 20 किलो खोया भी नष्ट कराया गया।
मिठाई से भरे वाहन की जांच, 20 किलो डोडा बर्फी नष्ट
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने अशोक लाट तिराहा, कचहरी के पास मिठाई से भरे पिकअप वाहन को रोककर जांच की। पूछताछ में वाहन में मौजूद मिठाइयां अतर्रा के आजाद नगर स्थित एक निर्माण प्रतिष्ठान से लाए जाने की जानकारी मिली। टीम ने डोडा बर्फी और दूध बर्फी के नमूने लिए। प्रथम दृष्टया डोडा बर्फी खाने योग्य नहीं पाए जाने पर करीब 20 किलो डोडा बर्फी मौके पर ही नष्ट करा दी गई।
Also Read: UP: अमेठी में BJP का मिशन-2027 शुरू, राष्ट्रीय महामंत्री बनते ही एक्टिव हुईं स्मृति ईरानी
खुले सरसों के तेल पर भी कार्रवाई
इसके बाद टीम अवंती नगर स्थित आरोहना एक्सप्रेस प्राइवेट लिमिटेड के भंडार गृह पहुंची। यहां खुले सरसों के तेल का नमूना लेने के साथ ही सात टीन में रखा करीब 103 किलो तेल सीज कर दिया गया। सीज किए गए तेल की अनुमानित कीमत करीब 18,540 रुपये बताई गई है।
कई मिठाई प्रतिष्ठानों में पहुंची टीम
खाद्य विभाग की टीम ने बाबूलाल चौराहा स्थित गुप्ता स्वीट भंडार और चौरसिया मिष्ठान भंडार के निर्माण स्थलों का निरीक्षण किया।इसके अलावा कचहरी तिराहा और सिविल लाइन स्थित बासू स्वीट हाउस,बोडेराम हलवाई एंड सन्स और लक्ष्मी स्वीट हाउस की भी जांच की गई। टीम ने साफ-सफाई और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता का जायजा लिया।
Also Read: UP: तेज बारिश और आंधी में गिरी मकान की दीवार, गुमटी दबने से हजारों का नुकसान
जब्त खोया लेने नहीं पहुंचा कोई,विभाग ने कराया नष्ट
विभाग के अनुसार 25 अगस्त को कैंथी बाजार की खोया मंडी से जब्त करीब 20 किलो खोया कार्यालय में रखा गया था।इसे लेने के लिए कोई व्यापारी सामने नहीं आया। इसके बाद बुधवार को विभाग ने पूरे खोये को नियमानुसार नष्ट करा दिया।खाद्य विभाग ने खाद्य कारोबारियों को साफ-सफाई और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए है।

















































