UP: अमेठी में लेखपालों की नाराजगी खत्म, अतिरिक्त क्षेत्रों में फिर शुरू हुआ काम, निलंबन वापसी पर बनी सहमति

UP: अमेठी गौरीगंज तहसील में साथी लेखपाल के निलंबन के विरोध में चल रही नाराजगी के बीच अतिरिक्त क्षेत्रों का काम देख रहे लेखपालों ने शनिवार को अपने आवंटित क्षेत्रों में काम शुरू कर दिया। इससे पिछले कई दिनों से प्रभावित राजस्व संबंधी कार्यों में अब तेजी आने की उम्मीद है।

हरदो क्षेत्र के लेखपाल अरुण कुमार तिवारी के निलंबन के बाद साथी लेखपालों में नाराजगी थी। इसके चलते कई लेखपाल अतिरिक्त क्षेत्रों का काम करने से दूरी बनाए हुए थे। अतिरिक्त क्षेत्रों में काम प्रभावित होने से ग्रामीणों के आय, जाति और निवास प्रमाणपत्र, वरासत समेत अन्य राजस्व संबंधी कार्यों पर असर पड़ रहा था।

Also Read: UP: निलंबन पर बवाल! अमेठी में लेखपालों ने बस्ता जमा कर खोला मोर्चा

मामले को लेकर लेखपालों और तहसील प्रशासन के बीच लगातार बातचीत का दौर चला। इसके बाद शनिवार को अतिरिक्त क्षेत्रों का काम देख रहे लेखपालों ने अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों में कार्य शुरू कर दिया।तहसील अध्यक्ष कुलदीप यादव ने बताया कि तहसील प्रशासन के साथ हुई वार्ता में निलंबन वापस लेने पर सहमति बनी है। इसके बाद लेखपालों ने अतिरिक्त क्षेत्रों में काम संभाल लिया है। हालांकि निलंबन वापसी की औपचारिक प्रक्रिया विभागीय स्तर पर पूरी की जानी है।

एसडीएम दिशा श्रीवास्तव ने बताया कि लेखपालों से बातचीत के बाद मामला सुलझ गया है। अतिरिक्त क्षेत्रों में काम करने वाले लेखपालों ने कार्य शुरू कर दिया है। निलंबन वापसी को लेकर भी सहमति बनी है। प्रशासन का प्रयास है कि राजस्व संबंधी कार्यों में किसी तरह की बाधा न आए और ग्रामीणों को आय, जाति, निवास प्रमाणपत्र तथा अन्य सुविधाएं समय से मिलती रहें।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )