मथुरा: दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे किसान आंदोलन और दिल्ली कूच के आह्वान को देखते हुए मंगलवार को मथुरा पुलिस पूरी तरह सतर्क रही. संभावित किसान जत्थों की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए फरह क्षेत्र स्थित महुअन टोल प्लाजा पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया. हालांकि पूरे दिन किसी भी किसान संगठन का जत्था या प्रमुख नेता दिल्ली के लिए रवाना नहीं हुआ और स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण बनी रही.
किसान संगठनों द्वारा दिल्ली कूच के आह्वान के बाद पुलिस ने एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी थी. थाना प्रभारी छोटेलाल के नेतृत्व में पुलिस बल सुबह से ही महुअन टोल प्लाजा पर तैनात रहा. इस दौरान आने-जाने वाले वाहनों की निगरानी के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर भी नजर रखी गई.
थाना प्रभारी छोटेलाल ने बताया कि किसान संगठनों के दिल्ली जाने की संभावना को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया था. हालांकि दिनभर किसी भी किसान संगठन का जत्था दिल्ली की ओर नहीं बढ़ा. पूरे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था सामान्य रही और किसी भी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली.
उन्होंने कहा कि यदि कोई किसान समूह दिल्ली के लिए रवाना होता तो पुलिस पहले उनसे बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास करती. पुलिस का उद्देश्य केवल शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना तथा आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा से बचाना था.पुलिस प्रशासन ने बताया कि किसान आंदोलन को लेकर आगे भी लगातार निगरानी रखी जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा.
( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)
















































