UP: बोल बम के जयघोष के साथ बाबा बैद्यनाथ धाम रवाना हुए कांवरिये, 105 किलोमीटर पैदल चलकर चढ़ाएंगे जल

चंदौली : पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)। सावन के पावन महीने में बाबा बैद्यनाथ धाम में जलाभिषेक करने के लिए श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। शनिवार को गाजीपुर से चलकर श्रद्धालुओं का एक जत्था पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेलवे स्टेशन पहुंचा और यहां से बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए रवाना हुआ। श्रद्धालु सुल्तानगंज पहुंचकर नमामि गंगे घाट से पवित्र गंगाजल उठाएंगे और करीब 105 किलोमीटर की पैदल यात्रा पूरी करने के बाद बाबा बैद्यनाथ के दरबार में जल अर्पित करेंगे।

जत्थे में शामिल फवारू कुशवाहा ने बताया कि वह इस बार 11वीं बार बाबा धाम की यात्रा पर जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बाबा के दरबार जाने से मन को बहुत सुख और शांति मिलती है। श्रद्धालु मंगलवार को बाबा बैद्यनाथ धाम में जल चढ़ाने की तैयारी में हैं।

Also Read: UP बीजेपी ने जारी की क्षेत्रीय व मोर्चा प्रभारियों की सूची, राम प्रताप सिंह चौहान को पश्चिमी यूपी की कमान, देखें पूरी लिस्ट

वहीं, सैदपुर निवासी सुनील ने बताया कि वह मुगलसराय से सुल्तानगंज जाएंगे। वहां नमामि गंगे घाट से गंगाजल लेकर बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए पैदल यात्रा शुरू करेंगे। उन्होंने बताया कि करीब 105 किलोमीटर की यात्रा पैदल पूरी करनी है। यात्रा के दौरान पैरों में दर्द और थकान जरूर होती है, लेकिन बाबा का नाम लेते हुए और ‘बोल बम-बोल बम’ का जयघोष करते हुए श्रद्धालु उत्साह के साथ आगे बढ़ते हैं।

Also Read; UP: बारिश बनी हादसे की वजह! डिवाइडर से टकराई तेज रफ्तार कार, चार लोग घायल

सुनील ने कहा कि बाबा बैद्यनाथ के प्रति आस्था ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि सच्चे मन से बाबा की पूजा-अर्चना और जलाभिषेक करने से मनोकामनाएं पूरी होती हैं।

यात्रा में राज नारायण, सुनील, मंटू, आनंद, फवारू, गुल्लू, गुड्डू बम, संजय, अंशु चौरसिया, श्रीकेश और किशन समेत अन्य श्रद्धालु शामिल हैं। रेलवे स्टेशन पर भी कांवरियों में उत्साह नजर आया और पूरा माहौल ‘बोल बम’ के जयकारों से गूंज उठा।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)