बाराबंकी: तहसील रामनगर क्षेत्र में लखनऊ-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग से दाहिनी ओर लहर जाने वाले डामर सड़क मार्ग की हालत इन दिनों बेहद खराब हो गई है. सड़क बने अभी एक साल भी पूरा नहीं हुआ और जगह-जगह छोटे-बड़े गड्ढे निकल आए हैं. इससे इस मार्ग से प्रतिदिन आने-जाने वाले ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
मार्ग का क्षेत्र बाढ़ प्रभावित होने के साथ ही काफी बड़ा है, जिसके चलते यहां 24 घंटे आवागमन बना रहता है. इसी सड़क मार्ग से दुर्गापुर, मढ़ना, लहड़रा, मरकामऊ सहित कई गांवों के ग्रामीण आवागमन करते हैं. सड़क पर बने गड्ढों के कारण दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक दिक्कत हो रही है. कई बार वाहन अनियंत्रित होने से लोग गिरकर चोटिल भी हो जाते हैं. ग्रामीणों का कहना है कि रात के समय गड्ढे दिखाई न देने के कारण हादसे की आशंका और बढ़ जाती है.
Also Read; UP: बारिश बनी हादसे की वजह! डिवाइडर से टकराई तेज रफ्तार कार, चार लोग घायल
ग्रामीणों के मुताबिक, मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रदेश में सड़कों को गड्ढामुक्त करने का अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन इसके बावजूद इस महत्वपूर्ण मार्ग की ओर लोक निर्माण विभाग का ध्यान नहीं गया है. सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं. लोगों का सवाल है कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्र होने के कारण यदि सड़क क्षतिग्रस्त हो रही है तो उसका स्थायी समाधान क्यों नहीं किया जा रहा है.
ग्रामीण रामगोपाल, राम सजीवन, राजू, शिवम, राजेश अवस्थी आदि ने बताया कि सड़क पर कई स्थानों पर गहरे गड्ढे हो गए हैं. आए दिन वाहन चालक इनमें फंसकर गिरते हैं और चोटिल होते हैं. ग्रामीणों ने मांग की कि तत्काल गड्ढों की मरम्मत कर सड़क को गड्ढामुक्त कराया जाए. उनका कहना है कि यदि सड़क पर डामर की नई लेयर डालकर उसे कुछ ऊंचा कर दिया जाए तो बाढ़ के दौरान पानी का प्रभाव भी कम होगा और सड़क लंबे समय तक सुरक्षित रह सकेगी.
वहीं इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के अधिकारी अजीत पटेल एवं आनंद प्रताप सिंह ने बताया कि सड़क का निरीक्षण कर जल्द ही गड्ढों को भरवाकर मार्ग को गड्ढामुक्त कराया जाएगा.
( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)



















































