UP: इंस्टाग्राम पर किशोरी से दोस्ती, बहला-फुसलाकर ले गया युवक, दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार

UP: इटावा शहर कोतवाली क्षेत्र में इंस्टाग्राम के जरिए नाबालिग किशोरी से दोस्ती कर उसे बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। वहीं पुलिस ने किशोरी को भी बरामद कर लिया है।

कन्नौज के युवक से सोशल मीडिया पर हुई थी पहचान

पुलिस के मुताबिक, रामलीला रोड निवासी नाबालिग किशोरी की इंस्टाग्राम के माध्यम से कन्नौज जिले के कटरा हैवतपुर निवासी आशीष पुत्र रामप्रकाश से जान-पहचान हुई थी। आरोप है कि बातचीत के दौरान युवक ने किशोरी को अपने विश्वास में लिया और बीती एक अगस्त को उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया।

Also Read: UP: जिंदा छात्रा को सरकारी रिकॉर्ड में दिखाया मृत, राशन कार्ड बनवाने पहुंची तो खुली बड़ी गड़बड़ी

घर से लापता होने पर परिजनों ने दर्ज कराया मुकदमा

किशोरी के अचानक घर से गायब होने के बाद परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद किशोरी के पिता ने शहर कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी और कार्रवाई की मांग की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 87, 137(2), 65(1) और पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4 के तहत मुकदमा दर्ज किया।

रेलवे स्टेशन से आरोपी को पुलिस ने दबोचा

मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने किशोरी की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तलाश शुरू कर दी। शुक्रवार को उपनिरीक्षक सर्वेश कुमार सचान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी आशीष को रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

Also Read: UP: गैंगस्टर एक्ट में वांछित मुन्ना उर्फ कटारी गिरफ्तार, गो-तस्करी गिरोह से जुड़ा होने का आरोप

किशोरी का मेडिकल और कोर्ट में बयान दर्ज

पुलिस ने किशोरी को बरामद करने के बाद उसका मेडिकल परीक्षण कराया। इसके साथ ही उसके बयान न्यायालय में दर्ज कराए गए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच जारी है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते है)