UP: हलधरमऊ में बदलते मौसम और बारिश के चलते सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) हलधरमऊ क्षेत्र में मरीजों की संख्या बढ़ती दिखाई दे रही है। बरसात के मौसम में सर्पदंश के मामलों में भी इजाफा होने की संभावना रहती है। इसे देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
सीएचसी हलधरमऊ के अधीक्षक डॉ. संत प्रताप वर्मा ने बताया कि आम दिनों की अपेक्षा बरसात के मौसम में सर्पदंश के केस बढ़ जाते हैं। अस्पताल में सर्पदंश की वैक्सीन उपलब्ध है और मरीजों के उपचार के लिए पूरी तैयारी रखी गई है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक के चक्कर में पड़कर समय बर्बाद न करें और तत्काल मरीज को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाएं। मरीज को अनावश्यक रूप से चलने से रोकें और उसे ढांढस बंधाएं।
उन्होंने कहा कि सभी सांप जहरीले नहीं होते, इसलिए घबराने के बजाय बिना समय गंवाए चिकित्सकीय सहायता लेना सबसे जरूरी है।स्वास्थ्य विभाग ने ग्रामीणों से विशेष सावधानी बरतने और सर्पदंश की स्थिति में तत्काल अस्पताल पहुंचकर उपचार कराने की अपील की है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)



















































