वाराणसी : बाबा विश्वनाथ के पावन सावन माह में काशी आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की सुविधा को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने वाराणसी जंक्शन (कैंट स्टेशन) पर विशेष तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुरक्षा, स्वच्छता, भीड़ प्रबंधन और यात्री सुविधाओं को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।
स्टेशन निदेशक अर्पित गुप्ता ने बताया कि सावन के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। स्टेशन परिसर के सभी खान-पान स्टॉलों पर केवल सात्विक और शुद्ध भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान करते हुए पूरे सावन माह में स्टेशन परिसर में मांसाहारी भोजन की बिक्री पूरी तरह बंद रहेगी। साथ ही स्टेशन पर चौबीसो घंटे विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा, जिससे यात्रियों को स्वच्छ वातावरण मिल सके।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए स्टेशन परिसर में लगे 180 से अधिक हाईटेक सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी की जाएगी। प्रवेश द्वार, प्लेटफॉर्म, फुटओवर ब्रिज और सर्कुलेटिंग एरिया पर हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी। आधुनिक कंट्रोल रूम से भीड़ की रियल टाइम मॉनिटरिंग होगी, जिससे किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।रेलवे प्रशासन ने आरपीएफ और जीआरपी के अतिरिक्त जवानों की तैनाती की भी योजना बनाई है। वहीं, किसी भी अप्रिय घटना, भगदड़ या सुरक्षा संबंधी चुनौती से निपटने के लिए क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) को हर समय तैयार रखा जाएगा।
यात्रियों की सहायता के लिए स्टेशन पर विशेष हेल्प डेस्क स्थापित किए जाएंगे, जहां ट्रेनों की जानकारी, टिकट बुकिंग, एटीवीएम और मोबाइल यूटीएस जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। स्वास्थ्य सेवाओं को ध्यान में रखते हुए मेडिकल टीम चौबीसो घंटे तैनात रहेगी। इसके अलावा जिला प्रशासन के सहयोग से फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस की भी व्यवस्था की गई है।संभावित अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने एक से दो खाली ट्रेन रैक रिजर्व रखने की योजना बनाई है। यदि यात्रियों की संख्या अनुमान से अधिक होती है तो मंडल कार्यालय के निर्देश पर तत्काल स्पेशल ट्रेनें भी चलाई जाएंगी। स्टेशन निदेशक अर्पित गुप्ता ने कहा कि सावन के दौरान वाराणसी आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु की यात्रा सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक बनाने के लिए रेलवे प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ कार्य कर रहा है। सभी विभागों को समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि किसी भी यात्री को परेशानी न हो।
( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)
















































