UP: भूमि विवाद में बुजुर्ग की हत्या का खुलासा, महिला समेत दो नाबालिग गिरफ्तार, कुल्हाड़ी व बाइक बरामद

सुल्तानपुर। चांदा थाना क्षेत्र में भूमि बंटवारे और रास्ते के विवाद में बुजुर्ग की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक महिला और दो विधि-विरुद्ध बाल अपचारियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ी तथा घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।

पुलिस के अनुसार, 18 जुलाई को मृतक रमापति तिवारी के परिजनों ने चांदा थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि 17 जुलाई की रात भूमि के बंटवारे और रास्ते के विवाद को लेकर विपक्षी पक्ष ने उनके ससुर रमापति तिवारी पर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने उनके सिर पर कुल्हाड़ी से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चांदा से जिला अस्पताल सुलतानपुर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

Also Read: बलिया: दिल्ली में छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री का पुतला फूंकने पर पुलिस से झड़प, छात्र नेता हिरासत में

मामले में थाना चांदा पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी लम्भुआ के नेतृत्व में थाना चांदा पुलिस और एसओजी टीम ने साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए 20 जुलाई को रामपुर अंडरपास के पास से शशि तिवारी (36) तथा दो विधि-विरुद्ध बाल अपचारियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान एक बाल अपचारी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल (यूपी-44-बीपी-3809) बरामद की गई।

पुलिस ने बताया कि विवेचना के दौरान साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे की धाराओं में संशोधन किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्ता के विरुद्ध विधिक कार्रवाई पूरी कर न्यायालय भेजा जा रहा है, जबकि दोनों विधि-विरुद्ध बाल अपचारियों के संबंध में किशोर न्याय अधिनियम के तहत आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना निष्पक्ष एवं साक्ष्यों के आधार पर आगे बढ़ाई जा रही है।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)