बरेली : मीरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम लभेडा दुर्गा प्रसाद में एक विवाहिता को कथित रूप से पति की दूसरी शादी का विरोध करना भारी पड़ गया. आरोप है कि पति और सास ने उसके साथ मारपीट कर घर से निकाल दिया और शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी. पीड़िता की तहरीर पर मीरगंज पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़िता कविता ने बताया कि उसकी शादी 17 फरवरी 2022 को गांव निवासी नरेश पुत्र अमर सिंह के साथ हुई थी. विवाहिता का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही पति का किसी अन्य महिला से संपर्क हो गया और वह उससे दूसरी शादी करने की जिद करने लगा. इस बात को लेकर आए दिन घर में विवाद और कहासुनी होती रहती थी.
पीड़िता के अनुसार, 25 जून 2026 की शाम करीब 6 बजे उसका पति नरेश और सास कृष्णा देवी उसके पास आए और कहा कि वह अपने मायके चली जाए, क्योंकि नरेश दूसरी शादी करना चाहता है. जब उसने इसका विरोध किया और अपने वैवाहिक अधिकारों की बात कही, तो दोनों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी. आरोप है कि विरोध करने पर पति और सास ने मिलकर उसके साथ मारपीट की, जिससे उसे चोटें आईं.
कविता का आरोप है कि मारपीट के बाद उसे जबरन घर से बाहर निकाल दिया गया. इतना ही नहीं, आरोपियों ने दोबारा घर लौटने या पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी. इसके बाद वह किसी तरह मीरगंज थाने पहुंची और पूरी घटना की जानकारी देते हुए कार्रवाई की मांग की.
मीरगंज पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर पति नरेश और सास कृष्णा देवी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है तथा जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)












































