सीतापुर : जिले में पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है. कोतवाली देहात के अंतर्गत बड़ागांव चौकी इंचार्ज रामचंद्र यादव और एक दीवान शिव कुमार गंगवार पर अवैध वसूली तथा प्रताड़ना का आरोप लगा है. परिजनों का दावा है कि 50 हजार रुपये की कथित रिश्वत की मांग और पुलिसिया दबाव से परेशान होकर एक युवक ने आत्मघाती कदम उठा लिया. घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है और पूरे मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं.
जानकारी के अनुसार, मामला एक प्रेमी युगल की आर्य समाज मंदिर में हुई शादी से जुड़ा बताया जा रहा है. दोनों पक्ष थाना तालगांव क्षेत्र के निवासी बताए जाते हैं. परिजनों का आरोप है कि कोतवाली देहात में तैनात पुलिसकर्मियों ने इस मामले में हस्तक्षेप किया और परिवार पर दबाव बनाया. मृतक के परिजनों का आरोप है कि पुलिसकर्मी घर पहुंचे और परिवार के साथ अभद्र व्यवहार किया. साथ ही युवक के नाबालिग भाई को अपने साथ कोतवाली ले गए.
इसके बाद उसे छोड़ने के लिए 50 हजार रुपये की मांग की गई. परिजनों का कहना है कि आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण मृतक राजू पूरी रकम का इंतजाम नहीं कर सका. आरोप है कि उसने जेवर गिरवी रखकर 10 हजार रुपये जुटाए, लेकिन कथित तौर पर पुलिसकर्मियों ने रकम लेने से इनकार कर दिया और शेष धनराशि की मांग पर अड़े रहे.
परिवार का दावा है कि लगातार दबाव और कथित धमकियों से परेशान होकर युवक मानसिक रूप से टूट गया और उसने आत्मघाती कदम उठा लिया. घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजन दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)













































