वाराणसी: कैंसर से जूझ रहे मरीज ने अस्पताल की चौथी मंजिल से लगाई छलांग, इलाज के दौरान मौत

वाराणसी: चितईपुर थाना क्षेत्र स्थित महामना मदन मोहन मालवीय कैंसर संस्थान में सोमवार देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई। कैंसर का इलाज करा रहे एक मरीज ने अस्पताल की चौथी मंजिल से छलांग लगा दी। गंभीर रूप से घायल मरीज को तत्काल बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई।

एक महीने से चल रहा था कैंसर का इलाज

मृतक की पहचान बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के पारु थाना क्षेत्र के मोहजम्मा गांव निवासी 35 वर्षीय रामेश्वर कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक वह पिछले करीब एक महीने से कैंसर संस्थान में भर्ती था और कुछ दिन पहले ही उसकी सर्जरी हुई थी। ऑपरेशन के बाद उसे अस्पताल के आईपीडी वार्ड नंबर-4 में उपचार के लिए रखा गया था।

Also Read: UP: कोतवाली देहात पुलिस ने चोरी का किया खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, पायल व नकदी बरामद

आधी रात चौथी मंजिल से लगाई छलांग

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सोमवार रात करीब 12:50 बजे रामेश्वर कुमार वार्ड से बाहर निकला और अस्पताल की चौथी मंजिल पर पहुंच गया। कुछ ही देर बाद उसने वहां से नीचे छलांग लगा दी। तेज आवाज सुनकर सुरक्षा कर्मी और अस्पताल स्टाफ मौके पर पहुंचे तथा गंभीर हालत में उसे तत्काल सर सुंदरलाल अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। हालांकि डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

फोरेंसिक जांच और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही चितईपुर थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम अस्पताल पहुंची। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। वहीं, अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि घटना से जुड़े सभी तथ्यों की पुष्टि की जा सके। पुलिस अस्पताल प्रशासन और ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारियों से भी पूछताछ कर रही है।

Also Read: इटावा: इमरजेंसी ब्रेक से हाईवे पर बड़ा हादसा, कंटेनर में घुसा ट्रक, चालक गंभीर रूप से घायल

बीमारी और आर्थिक तंगी की भी जांच

पुलिस ने मृतक के परिजनों से भी पूछताछ की है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि रामेश्वर कुमार लंबे समय से गंभीर बीमारी से जूझ रहा था। परिजनों ने बताया कि लगातार इलाज और हालिया ऑपरेशन के कारण परिवार आर्थिक संकट का सामना कर रहा था। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.