राजस्थान: सिरोही जिले के बरलूट थाना क्षेत्र के मंडवारिया गांव में सामाजिक बहिष्कार का मामला सामने आया है।पीड़ित परिवारों का आरोप है कि आर्थिक तंगी के कारण एक परिवार ने मृत्यु भोज में घी के मालपुए नहीं बनाए और साधारण भोजन करवाया, जिसके बाद समाज के कुछ पंचों ने परिवार का बहिष्कार करने का फरमान सुना दिया।
पीड़ितों के अनुसार 5 जून को सदाराम पुत्र बलवाजी का निधन हुआ था 17 जून को आयोजित मृत्यु भोज में परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण घी के मालपुए नहीं बनाए जा सके और साधारण भोजन करवाया गया। आरोप है कि इससे नाराज होकर पंचों ने 18 जून को बैठक कर परिवार सहित उनका समर्थन करने वाले कुल 43 परिवारों को समाज से बाहर करने का निर्णय सुना दिया।
पीड़ित परिवारों का कहना है कि इसके बाद गांव के दुकानदारों ने राशन देना बंद कर दिया, खेत मालिकों ने मजदूरी पर रखना बंद कर दिया और सार्वजनिक कुओं से पानी भरने में भी परेशानी खड़ी की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सामाजिक कार्यक्रमों और रिश्तेदारियों में आने-जाने पर भी रोक जैसी स्थिति बना दी गई है। पीड़ितों ने बताया कि उन्होंने 20 जून को बरलूट थाने में शिकायत दी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर न्याय की मांग की है।
बरलूट थाने के जांच अधिकारी रमेश कुमार ने बताया कि परिवाद प्राप्त हुआ है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी पीड़ितों का कहना है कि सामाजिक दबाव के कारण परिवारों का जीवन प्रभावित हो रहा है और प्रशासन से जल्द राहत दिलाने की मांग की गई है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)













































