गोरखपुर के गोरखनाथ थाना क्षेत्र में 10 मार्च को हुई चोरी की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। दिन में रेकी करने और रात में चोरी करने वाले 5 शातिर चोरों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी की नगदी, चांदी के आभूषण, स्कूटी, बाइक और मोबाइल फोन समेत लाखों रुपये का माल बरामद किया है।
घटना का खुलासा
गोरखनाथ थाना क्षेत्र में 10 मार्च को एक घर से चोरी हुई थी। क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ रवि कुमार सिंह ने थाने पर आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने करीब 52 हजार कॉल डिटेल खंगाली। इनमें से 26 संदिग्ध नंबर चिन्हित किए गए, जिनमें से 4 नंबरों को ट्रेस करके पुलिस आरोपियों तक पहुंची। साथ ही आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज से भी अहम सुराग मिले।
गिरफ्तार आरोपी
गिरफ्तार किए गए पांच आरोपियों में मुस्तकीम, सलमान अंसारी, मोहम्मद कैफ, नादिर बैग और विशाल कुमार अग्रहरी शामिल हैं। इनमें से एक आरोपी सोनार भी है, जो चोरी का सामान खरीदने का काम करता था। सभी आरोपी बेहद शातिर प्रवृत्ति के हैं। वे दिन में घरों की रेकी करते थे और रात में चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। इनका आपराधिक इतिहास भी रहा है और ये पहले भी कई चोरी की घटनाओं में शामिल रह चुके हैं।
बरामदगी
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 लाख रुपये नगदी, 191 ग्राम चांदी के आभूषण, चोरी के पैसों से खरीदी गई पल्सर बाइक, घटना में इस्तेमाल की गई स्कूटी और 5 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। सभी आरोपियों को सब्जी मंडी गोरखनाथ ओवरब्रिज के पास से गिरफ्तार किया गया।
Also Read: आगजनी, पत्थरबाजी और गाड़ियों में तोड़फोड़…’, नोएडा में कर्मचारियों की सैलरी वॉर!
पुलिस टीम की सराहना
इस सफल कार्रवाई में गोरखनाथ थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक देशराज सरोज, अंगद, रिपुसूदन शुक्ला, विवेक सिंह, हेड कांस्टेबल आनंद कुमार, कांस्टेबल जितेंद्र मौर्य, कृष्ण पाल, वीरेंद्र यादव, संदीप कुशवाह, शिवम शुक्ला और हेड कांस्टेबल मिथिलेश बहादुर सिंह की टीम शामिल रही।












































