राया बस स्टैंड पर गंदगी और अव्यवस्थाओं का अंबार, यात्रियों को रोजाना झेलनी पड़ रही परेशानी; लोगों में बढ़ रहा आक्रोश

मथुरा : राया कस्बे के सादाबाद-दाऊजी रोड पर स्थित सरकारी बस स्टैंड वर्षों से बदहाली का शिकार बना हुआ है। बस स्टैंड होने के बावजूद यहां बसों का संचालन लगभग न के बराबर है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बस स्टैंड पर न तो नियमित बसें आती हैं और न ही यात्रियों के लिए बैठने, पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसके अलावा चारों ओर फैली गंदगी और कूड़े के ढेर ने स्थिति को और भी गंभीर बना दिया है।

Also Read : नोएडा हिंसा पर सख्त कार्रवाई जारी, कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद बोले- सरकार मजदूरों के साथ…

बस स्टैंड परिसर में जगह-जगह कूड़ा जमा है, जिससे दुर्गंध फैलती रहती है और वातावरण अस्वच्छ बना हुआ है। इसका असर न सिर्फ यात्रियों पर बल्कि आसपास के दुकानदारों पर भी पड़ रहा है, जिन्हें रोजाना इस समस्या से जूझना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी राहुल गर्ग और पंकज शर्मा का आरोप है कि संबंधित विभाग इस समस्या के प्रति पूरी तरह उदासीन बना हुआ है। कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

राया निवासी पंकज शर्मा ने प्रशासन से मांग की है कि बस स्टैंड की साफ-सफाई कराकर नियमित बसों का संचालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके। साथ ही यात्रियों के लिए आवश्यक बुनियादी सुविधाएं भी जल्द से जल्द उपलब्ध कराई जाएं।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)