श्रद्धालुओं और यात्रियों को बड़ी राहत : टूंडला-फर्रुखाबाद पैसेंजर में बढ़ेंगी 5 अतिरिक्त बोगियां

नीम करोरी, फर्रुखाबाद। टूंडला-फर्रुखाबाद पैसेंजर ट्रेन से सफर करने वाले हजारों दैनिक यात्रियों और श्रद्धालुओं के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को स्वीकार करते हुए उत्तर मध्य रेलवे ने ट्रेन में पांच अतिरिक्त यात्री बोगियां और दो गार्ड ब्रेकयान जोड़ने का फैसला किया है। रेलवे के इस कदम से अब यात्रियों को भीड़भाड़ और सीटों की कमी जैसी समस्याओं से काफी हद तक निजात मिलेगी।

जानकारी के अनुसार यह पैसेंजर ट्रेन रोजाना बड़ी संख्या में यात्रियों को लेकर फर्रुखाबाद और टूंडला के बीच संचालित होती है। ट्रेन सुबह करीब 10 बजे फर्रुखाबाद पहुंचती है और दोपहर 3:45 बजे टूंडला के लिए रवाना होती है। खासतौर पर शिकोहाबाद, मैनपुरी और आसपास के क्षेत्रों से आने-जाने वाले यात्रियों की संख्या इस ट्रेन में काफी अधिक रहती है।
धार्मिक अवसरों और गंगा स्नान पर्वों के दौरान ट्रेन में यात्रियों का दबाव कई गुना बढ़ जाता है। वहीं प्रत्येक मंगलवार को बाबा नीम करोरी धाम जाने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते ट्रेन में पैर रखने तक की जगह नहीं बचती थी। ऐसे में अतिरिक्त बोगियां जोड़ने की मांग लंबे समय से उठ रही थी।

Also Read : बीटेक पास शातिर इंजीनियर गिरफ्तार, अश्लील कंटेंट बेचकर कमाए 1.20 करोड़ रुपये

यात्रियों को केवल भीड़ ही नहीं, बल्कि तकनीकी कारणों से ट्रेन को प्लेटफॉर्म नंबर पांच के अंतिम छोर पर खड़ा किए जाने से भी परेशानी उठानी पड़ती थी। कई बार यात्रियों को लंबी दूरी तय कर ट्रेन तक पहुंचना पड़ता था और जल्दबाजी में ट्रेन छूटने की घटनाएं भी सामने आती थीं।

इस संबंध में स्टेशन प्रबंधक चंद्रशेखर शुक्ला ने बताया कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अब टूंडला पैसेंजर में कुल 10 यात्री बोगियां और दो गार्ड ब्रेकयान लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि रेलवे के इस निर्णय से यात्रियों को सफर के दौरान काफी राहत मिलेगी और भीड़भाड़ की समस्या में कमी आएगी।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं)