UP: अमेठी में शासन की प्राथमिकता वाली फार्मर रजिस्ट्री योजना की प्रगति संतोषजनक न मिलने पर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। विकास खंड संग्रामपुर में तैनात 20 पंचायत सहायकों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू की गई है। सभी को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।
समीक्षा बैठक से अनुपस्थित रहने पर कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, फार्मर रजिस्ट्री अभियान की प्रगति की समीक्षा के लिए एक वर्चुअल बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में सभी पंचायत सहायकों की उपस्थिति अनिवार्य की गई थी, लेकिन 20 पंचायत सहायक बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थित रहे। इसे प्रशासन ने गंभीर लापरवाही माना है।
Also Read: UP: नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप, 50 हजार नकदी और जेवरात भी गायब
किसानों के पंजीकरण की जिम्मेदारी निभाने में कमी
फार्मर रजिस्ट्री अभियान के तहत पंचायत सहायकों को गांव-गांव जाकर किसानों से संपर्क करने और अधिक से अधिक पंजीकरण सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी दी गई है। हालांकि कई ग्राम पंचायतों में अपेक्षित प्रगति नहीं दिखने पर विभाग ने जवाबदेही तय करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
समय पर जवाब नहीं देने पर बढ़ सकती है कार्रवाई
एडीओ पंचायत संग्रामपुर लाल शशिकांत सिंह ने बताया कि सभी संबंधित कर्मचारियों को निर्धारित समय के भीतर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि संतोषजनक जवाब न मिलने या कार्य में सुधार न होने की स्थिति में आगे की कठोर कार्रवाई की जा सकती है।
Also Read: CBSE में बड़ा एक्शन! चेयरमैन राहुल सिंह और सचिव हिमांशु गुप्ता हटाए गए
सेवाएं समाप्त करने तक की चेतावनी
विभाग ने पंचायत सहायकों को चेतावनी दी है कि फार्मर रजिस्ट्री अभियान में लापरवाही किसी भी हाल में स्वीकार नहीं की जाएगी। यदि कार्य प्रगति में सुधार नहीं हुआ तो संबंधित पंचायत सहायकों की सेवाएं समाप्त कर उनके स्थान पर नए अभ्यर्थियों की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद संबंधित कर्मचारियों में हलचल मच गई है।
















































