अमेठी: थाना संग्रामपुर क्षेत्र के पूरे हरिवंश, ठेंगहा गांव में रविवार देर रात खेत में बने करीब 10 फीट गहरे पुराने कुएं में एक सांड गिर गया. सोमवार सुबह सांड की आवाज सुनकर ग्रामीण मुन्ना पाण्डेय, जगदंबा मिश्र और पवन मिश्रा मौके पर पहुंचे. कुएं में सांड को फंसा देखकर उन्होंने तत्काल डायल-112 और फायर ब्रिगेड को सूचना दी.
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया. ग्राम पंचायत सचिव मिथिलेश यादव भी घटनास्थल पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान में सहयोग किया.
फायर ब्रिगेड के नेतृत्व में विशुल त्रिपाठी, चालक राम प्रवेश तथा फायरमैन गुलाब सिंह, अरविंद और रोहित ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से ट्रैक्टर और मजबूत रस्सियों का सहारा लेकर सांड को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया. करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने सांड को सुरक्षित कुएं से बाहर निकाल लिया. बाहर आते ही सांड तेजी से खेतों की ओर भाग गया.
रेस्क्यू अभियान के दौरान डायल-112 के पुलिसकर्मियों ने भी सक्रिय भूमिका निभाई. घटना के समय बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे. ग्रामीणों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि समय पर किए गए संयुक्त प्रयास से एक बेजुबान पशु की जान बच गई. साथ ही उन्होंने प्रशासन से खुले और असुरक्षित कुओं को सुरक्षित कराने की मांग भी की, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.

















































