UP: जौहर विश्वविद्यालय के समर्थन में मुगलसराय में विपक्ष का प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम भेजा ज्ञापन

चंदौली: रामपुर स्थित मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय को बचाने की मांग को लेकर सोमवार को मुगलसराय के चकिया तिराहे पर कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और विभिन्न लोकतांत्रिक संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में विरोध मार्च एवं प्रदर्शन किया गया. कार्यक्रम में करीब डेढ़ सौ लोगों ने भाग लिया. प्रदर्शनकारी चकिया तिराहे पर स्थित गांधी प्रतिमा के पास एकत्र हुए, जहां से रूट मार्च निकालते हुए सभा आयोजित की गई. इसके बाद महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन अधिकारियों को सौंपा गया.

ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा जौहर विश्वविद्यालय को ध्वस्त करने की कार्रवाई की जा रही है, जिससे हजारों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित होगा. प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि यदि सरकार को विश्वविद्यालय के निर्माण या प्रबंधन में कोई आपत्ति है तो नियमानुसार उसका समाधान किया जाए अथवा सरकार स्वयं उसका संचालन अपने हाथ में ले ले, लेकिन शिक्षण संस्थान को बंद या ध्वस्त न किया जाए.

Also Read: UP: सीतापुर में अधिवक्ताओं का प्रदर्शन, पेपर लीक और छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में सौंपा ज्ञापन

उत्तर प्रदेश किसान न्याय मोर्चा के उपाध्यक्ष शमीम अहमद मिल्की ने कहा कि जौहर विश्वविद्यालय पर बुलडोजर चलाने की प्रस्तावित कार्रवाई का लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से विरोध किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय किसी एक धर्म का नहीं बल्कि सभी समुदायों के विद्यार्थियों का है. यदि कार्रवाई नहीं रुकी तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा तथा आवश्यकता पड़ने पर हाईकोर्ट, सुप्रीम कोर्ट और सड़क तक संघर्ष किया जाएगा.

Also Read: UP: सीतापुर में अधिवक्ताओं का प्रदर्शन, पेपर लीक और छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में सौंपा ज्ञापन

समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर ने कहा कि शिक्षा संस्थानों को राजनीतिक या धार्मिक दृष्टि से नहीं देखा जाना चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का प्रयास कर रही है. उन्होंने कहा कि यदि जौहर विश्वविद्यालय के खिलाफ कोई कठोर कार्रवाई की गई तो समाजवादी पार्टी सड़क से लेकर विधानसभा और संसद तक हर स्तर पर संघर्ष करेगी.

प्रदर्शन में सकलडीहा विधायक प्रभु नारायण यादव, पूर्व विधायक प्रत्याशी चंद्रशेखर यादव, जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर, जिला महासचिव नफीस अहमद, गुड्डू सुदामा यादव, मोहम्मद आरिफ, इरशाद सिद्दीकी, अंकित यादव, सत्येंद्र, रामकेश यादव, अमरनाथ जायसवाल, मोनू मुसाफिर सिंह चौहान, वीरेंद्र प्रधान, आनंद सिंह, प्रमोद यादव, गुलशेर सिद्दीकी, बाबू अली, अरुण त्रिवेदी, आरिफ सिद्दीकी, बृजेश गुप्ता, महेंद्र माही, दिलीप पासवान, त्रिलोकी पासवान, महेंद्र पासवान, राकेश यादव, परवेज अहमद सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे.

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)