UP: लखनऊ के हजरतगंज स्थित दारुल सफा नए विधायक निवास में मंगलवार को एक दुखद घटना सामने आई। समाजवादी पार्टी सरकार में दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री रह चुके नानक दीन भुर्जी ने कथित तौर पर भवन की सातवीं मंजिल से छलांग लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना के बाद परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें तत्काल सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
व्यवस्था अधिकारी की सूचना पर पहुंची पुलिस
पुलिस के अनुसार विधायक निवास के व्यवस्था अधिकारी ने चौकी प्रभारी को सूचना दी कि भवन के पीछे एक व्यक्ति ऊपरी मंजिल से गिर गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और घायल को अस्पताल भिजवाया। बाद में उनकी पहचान करीब 68 वर्षीय नानक दीन (नानक राम) भुर्जी के रूप में हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के साथ पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है और परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी गई।
प्रारंभिक जांच में डिप्रेशन की बात आई सामने
पुलिस की शुरुआती जांच में यह जानकारी सामने आई है कि नानक दीन भुर्जी लंबे समय से अवसाद (डिप्रेशन) से जूझ रहे थे। अधिकारियों के मुताबिक उन्हें अक्सर दारुल सफा विधायक निवास परिसर में अकेले टहलते हुए देखा जाता था। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है और वैधानिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
सपा से भाजपा तक का रहा राजनीतिक सफर
नानक दीन भुर्जी का राजनीतिक जीवन कई उतार-चढ़ावों से गुजरा। वह समाजवादी पार्टी की सरकार में दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री रह चुके थे। बाद में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली और वर्तमान में भाजपा से जुड़े रहते हुए अपना संगठन संचालित कर रहे थे। उनके निधन की खबर के बाद राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
Also Read: ‘ये हार की हताशा बोल रही…’, CM योगी के टोंटी वाले बयान पर अखिलेश यादव का पलटवार
जांच जारी, पुलिस जुटा रही सभी तथ्य
पुलिस का कहना है कि घटना के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और सभी तथ्यों की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है ताकि घटना की पूरी परिस्थितियां स्पष्ट हो सकें।

















































