UP: ‘ऑपरेशन मुस्कान’ की बड़ी सफलता, 8 वर्षीय मासूम को परिवार से मिलाकर बांदा पुलिस ने लौटाई खुशियां

UP: बांदा जिले के कोतवाली नगर क्षेत्र में ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत पुलिस ने एक 8 वर्षीय बालक को सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाकर संवेदनशीलता की मिसाल पेश की। जानकारी के अनुसार 3 अगस्त 2026 को पथरिया खदान गांछा के पास एक छोटा बच्चा अकेले और घबराई हुई अवस्था में घूमता मिला। वह अपना नाम, पता या परिवार के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रहा था। स्थानीय लोगों ने स्थिति को गंभीर समझते हुए तत्काल पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने तत्काल शुरू किया खोज अभियान

सूचना मिलते ही चौकी मेडिकल कॉलेज की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बच्चे को सुरक्षित संरक्षण में लिया। चौकी प्रभारी वीरेन्द्र त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस ने आसपास के इलाकों में पूछताछ शुरू की। लगातार प्रयास, स्थानीय लोगों से संपर्क और विभिन्न माध्यमों से जानकारी जुटाने के बाद पुलिस ने बच्चे के परिजनों का पता लगा लिया और उनसे संपर्क स्थापित किया।

Also Read: UP: बांदा पुलिस में बड़ा फेरबदल, एसपी ने एक साथ 43 पुलिसकर्मियों का किया तबादला

मिलन का भावुक पल, खुशी से छलक उठीं आंखें

जब बच्चे को उसके माता-पिता के सुपुर्द किया गया तो माहौल भावुक हो उठा। अपने लापता बेटे को सकुशल देखकर परिजनों की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े। परिवार ने बच्चे को गले लगाकर राहत की सांस ली। वहां मौजूद लोगों ने भी इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए पुलिस टीम की तत्परता और संवेदनशीलता की प्रशंसा की।

परिजनों ने पुलिस का जताया आभार

बच्चे के परिजनों ने कहा कि समय रहते पुलिस की सक्रियता ने बड़ी अनहोनी को टाल दिया। उनका कहना था कि यदि पुलिस ने तुरंत कार्रवाई नहीं की होती तो बच्चे के साथ कोई भी अप्रिय घटना हो सकती थी। उन्होंने बांदा पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए इसे उनके परिवार के लिए नई उम्मीद और राहत का क्षण बताया।

Also Read: बांदा: रोजी-रोटी कमाने गया था ओंकार, लोहे के गेट में दौड़े करंट ने छीन ली जिंदगी

‘ऑपरेशन मुस्कान’ से लौट रही परिवारों की खुशियां

पुलिस अधीक्षक पलाश के निर्देशन में संचालित ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के माध्यम से गुमशुदा और भटके हुए बच्चों को उनके परिजनों से मिलाने का अभियान लगातार जारी है। यह पहल केवल बच्चों की तलाश तक सीमित नहीं है, बल्कि बिछड़े परिवारों को फिर से जोड़ने और उनकी खोई मुस्कान लौटाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनती जा रही है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)