UP: उत्तर प्रदेश सरकार ने मंगलवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 13 आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। शासन की ओर से जारी तबादला सूची में चार मंडलों के नए कमिश्नरों की नियुक्ति के साथ ही कई महत्वपूर्ण विभागों और निगमों में नए अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जारी आदेश के अनुसार, डॉ. लोकेश एम. को प्रयागराज का नया मंडलायुक्त (कमिश्नर) बनाया गया है। शम्भू कुमार को बरेली मंडल, वैभव श्रीवास्तव को बस्ती मंडल तथा इन्द्र विक्रम सिंह को गोरखपुर मंडल का नया कमिश्नर नियुक्त किया गया है। इसके अलावा सौम्या अग्रवाल को उत्तर प्रदेश का श्रमायुक्त बनाया गया है, जबकि प्रकाश बिन्दु को प्रादेशिक कोऑपरेटिव फेडरेशन (पीसीएफ) का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। भूपेन्द्र एस. चौधरी को प्रशासनिक सुधार विभाग में सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं संदीप कुमार को पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (PuVVNL) का प्रबंध निदेशक बनाया गया है।
Also Read: IPS Transfer: UP पुलिस में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 5 आईपीएस अधिकारियों के तबादले
पुष्प राज सिंह को गोरखपुर विकास प्राधिकरण के सचिव के साथ-साथ नोएडा का अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी नियुक्त किया गया है। सतीश पाल को गृह विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है, जबकि डॉ. बलकार सिंह को उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (UPSIDA) का मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) नियुक्त किया गया है।
शासन ने रवीन्द्र, प्रमुख सचिव कृषि को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद के निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा है। वहीं अनिल ढींगड़ा को आवास आयुक्त, उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद, निदेशक नगर भूमि सीमारोपण तथा सचिव, आवास एवं शहरी नियोजन विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सरकार के इस प्रशासनिक फेरबदल को प्रदेश के विभिन्न मंडलों, विभागों और सार्वजनिक उपक्रमों में प्रशासनिक कार्यों को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और बेहतर समन्वय के साथ संचालित करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। शासन की ओर से जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं।


















































