Home Politics ‘लोकसभा से इस्तीफा देकर, RSS की प्रचारक बनें…’, अजय राय का कंगना...

‘लोकसभा से इस्तीफा देकर, RSS की प्रचारक बनें…’, अजय राय का कंगना रनौत पर बड़ा हमला

उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने फिल्म अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत के राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) में शामिल होने की इच्छा जताने वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यदि उनकी ऐसी मंशा है तो उन्हें लोकसभा सदस्यता से इस्तीफा देकर संघ की प्रचारक की भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में व्यक्ति को अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट रखनी चाहिए।

उपचुनाव परिणामों के बहाने बीजेपी पर हमला

अजय राय ने दतिया और बांकीपुर के चुनावी नतीजों का हवाला देते हुए भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि दतिया में कांग्रेस ने लगातार दूसरी बार जीत दर्ज की है, जबकि बांकीपुर में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार प्रशांत कुमार को सफलता मिली। अजय राय ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन अपने गृह क्षेत्र का बूथ भी नहीं बचा सके। उनके अनुसार, यह परिणाम संकेत देता है कि भाजपा की राजनीतिक पकड़ कमजोर पड़ रही है और पार्टी की ‘उल्टी गिनती’ शुरू हो चुकी है।

Also Read: UP: वाराणसी में अजय राय का केंद्र सरकार पर बड़ा हमला, NEET से राम मंदिर विवाद तक उठाए सवाल

सतीश महाना के बयान पर साधा निशाना

विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के ‘पर्ची दिखाइए’ वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए अजय राय ने कहा कि मंदिरों में चढ़ावे की कोई रसीद नहीं होती, जबकि रसीद केवल चंदे की दी जाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि विधानसभा अध्यक्ष का यह बयान उनकी हताशा को दर्शाता है और उन्हें धार्मिक परंपराओं की समझ होनी चाहिए।

राहुल गांधी के छात्र संवाद और पप्पू यादव प्रकरण पर प्रतिक्रिया

अजय राय ने जानकारी दी कि कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत राहुल गांधी का अगला छात्र संवाद कार्यक्रम 8 अगस्त को प्रयागराज के केपी ग्राउंड में शाम पांच बजे आयोजित होगा। उन्होंने दावा किया कि इस कार्यक्रम में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में छात्र हिस्सा लेंगे और शिक्षा सहित विभिन्न मुद्दों पर राहुल गांधी से सीधे संवाद करेंगे। वहीं, चढ़ावे की कथित चोरी के विरोध के दौरान पप्पू यादव पर हुए हमले की घटना को उन्होंने लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमला बताते हुए इसकी निंदा की।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)