UP: अवैध हथियार लेकर सड़कों पर घूम रहा था युवक, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा, तमंचा-कारतूस बरामद

UP: बांदा में अवैध हथियारों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। इसी कड़ी में थाना कालिंजर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 315 बोर का अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस लेकर घूम रहे एक युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और अवैध हथियार रखने वालों में खलबली मच गई।

पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में जिलेभर में अपराधियों, हिस्ट्रीशीटरों और अवैध शस्त्र रखने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना कालिंजर पुलिस नियमित गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। तभी ग्राम वैधनपुरवा के पास एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में घूमता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसे रोककर पूछताछ की। उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर तलाशी ली गई, जिसमें उसके कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।

Also Read: दुकान में घुसने से पहले ही फंस गया चोर! शटर और जाल के बीच अटका, एक घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन

बरामदगी होते ही पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही हिरासत में ले लिया और थाने लाकर पूछताछ की। जांच में उसकी पहचान रामसुफल उर्फ रज्जू पुत्र रामसिया, निवासी गुढ़ाकला, थाना कालिंजर, जनपद बांदा के रूप में हुई। आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0 107/26, धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए न्यायालय भेज दिया गया।

हालांकि पुलिस ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि आरोपी हथियार लेकर किस उद्देश्य से घूम रहा था, लेकिन समय रहते हुई गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। अवैध हथियारों के साथ संदिग्धों की धरपकड़ से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिल रही है और अपराधियों में पुलिस का खौफ भी बढ़ रहा है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)