सपा का चुनावी शंखनाद:अखिलेश यादव का बड़ा दांव, अयोध्या सीट से पवन पांडेय को बनाया प्रत्याशी

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को राजधानी लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में आयोजित ब्राह्मण सम्मेलन के मंच से 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों का औपचारिक संकेत देते हुए बड़ा राजनीतिक ऐलान किया। उन्होंने अयोध्या विधानसभा सीट से पवन पांडेय को पार्टी का प्रत्याशी घोषित किया। सम्मेलन के दौरान शंखनाद और आरती का आयोजन हुआ, जबकि बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज के लोग कार्यक्रम में शामिल हुए।

जनेश्वर मिश्र के विचारों का किया उल्लेख, प्रशासन पर लगाए आरोप

अखिलेश यादव ने अपने संबोधन में समाजवादी नेता पंडित जनेश्वर मिश्र को याद करते हुए कहा कि उन्होंने जीवनभर समाज को बिना किसी भेदभाव के जोड़ने का कार्य किया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश के कई जिलों में आयोजित ब्राह्मण सम्मेलनों को प्रशासन ने अनुमति नहीं दी, लेकिन इसके बावजूद पार्टी का जनसंपर्क अभियान लगातार जारी रहेगा।

Also Read: अयोध्या राम मंदिर के चढ़ावे पर सियासत तेज! अखिलेश यादव ने किया 7 करोड़ की चोरी का दावा, बोले- सरकार की चुप्पी संदिग्ध

PDA पर बीजेपी को घेरा, सरकार पर साधा निशाना

सपा अध्यक्ष ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी PDA को लेकर लोगों के बीच भ्रम फैलाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि उनके लिए PDA का अर्थ “पीड़ित” है और जितना अधिक उत्पीड़न होगा, यह वर्ग उतना ही मजबूत होकर सामने आएगा। साथ ही उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में हर वर्ग मौजूदा सरकार की नीतियों से परेशान है। अपनी गाड़ी पलटने की घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने इसे सामान्य हादसा मानने से इनकार किया और कहा कि भविष्य में सच्चाई सामने आएगी। स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर भी उन्होंने डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक पर सवाल उठाए।

शंकराचार्य प्रकरण और सनातन परंपरा का मुद्दा उठाया

अखिलेश यादव ने अपने भाषण में शंकराचार्य से जुड़े विवाद का भी उल्लेख किया। उन्होंने आरोप लगाया कि शंकराचार्य को स्नान से रोकना और धरने पर बैठने की स्थिति पैदा करना सनातन परंपराओं का अपमान है। उन्होंने यह भी कहा कि बटुकों पर पॉक्सो जैसी धाराएं लगाकर उन्हें डराने का प्रयास किया गया, लेकिन वे अपने रुख से पीछे नहीं हटे।

Also Read; ‘ये हार की हताशा बोल रही…’, CM योगी के टोंटी वाले बयान पर अखिलेश यादव का पलटवार

राम मंदिर दान पात्र मामले पर सरकार को घेरा

सम्मेलन के दौरान सपा प्रमुख ने राम मंदिर के दान पात्र से कथित चोरी के मामले को लेकर भी भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले की जिम्मेदारी छोटे कर्मचारियों पर डालकर वास्तविक तथ्यों को छिपाने की कोशिश की जा रही है। अखिलेश यादव ने इसे गंभीर मामला बताते हुए कहा कि इस पूरे प्रकरण में जवाबदेही तय होनी चाहिए और भगवान श्रीराम ऐसे कृत्य को कभी स्वीकार नहीं करेंगे।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)