UP: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में प्रेम संबंध का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि दो साल से प्रेम संबंध में रहे युवक ने दूसरी जगह शादी तय होने के बाद प्रेमिका को रास्ते से हटाने की साजिश रची। युवक को कथित तौर पर डर था कि प्रेमिका उसकी शादी में बाधा बन सकती है। इसी के चलते उसने उसे विश्वास में लेकर जानलेवा कदम उठाया।
पहले खुद के तेजाब पीने की बताई झूठी कहानी
मामला बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव का बताया जा रहा है। आरोप है कि युवक ने प्रेमिका को झांसे में लेते हुए कहा कि उसने खुदकुशी करने के लिए तेजाब पी लिया है। उसकी बातों पर भरोसा कर युवती ने भी टॉयलेट क्लीनर पी लिया। इसके बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और गले में तेज जलन व दर्द होने लगा।
हालत बिगड़ने पर मौके से भाग निकला आरोपी
टॉयलेट क्लीनर पीने के बाद युवती की हालत गंभीर हो गई। आरोप है कि युवक उसे तड़पता छोड़कर मौके से फरार हो गया। किसी तरह युवती अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। यह सुनकर परिवार में हड़कंप मच गया और परिजन तत्काल उसे उपचार के लिए बीसलपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे।
गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर
सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद युवती की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस भी सक्रिय हो गई। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है। मामले को लेकर युवती और उसके परिजनों से जानकारी जुटाई जा रही है।
आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज, जांच जारी
बीसलपुर कोतवाल संजीव शुक्ला के मुताबिक, मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और दोनों पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं। युवती के बयान समेत अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)














