UP: चंदौली मेडिकल कॉलेज में इलाज के नाम पर वसूली के आरोप, पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने किया हंगामा

UP: चंदौली जिला मुख्यालय स्थित बाबा कीनाराम मेडिकल कॉलेज में मरीजों से इलाज के नाम पर रुपये मांगने और बाहर की दवाइयां लिखने के आरोपों को लेकर शनिवार को हड़कंप मच गया। मरीजों और तीमारदारों की शिकायत मिलने के बाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू मेडिकल कॉलेज पहुंचे और अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर नाराजगी जताई।

पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि मेडिकल कॉलेज में इलाज कराने पहुंचे ऑर्थो के एक मरीज से ऑपरेशन के बदले रुपये की मांग की गई। आरोप है कि रुपये नहीं देने पर ऑपरेशन नहीं करने की बात कही गई। इसके अलावा मरीजों को बाहर से दवाइयां खरीदने के लिए लिखे जाने का भी आरोप लगाया गया।

पूर्व विधायक के मुताबिक, बच्चों के वार्ड को लेकर भी तीमारदारों ने शिकायत की। आरोप है कि बच्चों का समुचित इलाज नहीं किया जा रहा है और उन्हें बीएचयू भेजने की बात कही जा रही है। शिकायतों के बाद मनोज सिंह डब्लू ने अस्पताल पहुंचकर मरीजों और तीमारदारों से बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी ली।

Also Read: UP: नौकरी से निकाले जाने की रंजिश में डॉक्टर की हत्या की साजिश का आरोप, तीन के खिलाफ FIR

व्यवस्थाओं से नाराज पूर्व विधायक ने एक मरीज को अपने निजी खर्च पर इलाज के लिए प्राइवेट अस्पताल भेजने की बात कही। उन्होंने डॉक्टरों की कथित मनमानी और मरीजों के आर्थिक शोषण के आरोपों पर कड़ी नाराजगी जताई।

पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने कहा कि सरकारी मेडिकल कॉलेज में गरीब और जरूरतमंद मरीज इलाज की उम्मीद लेकर आते हैं। यदि उनसे ऑपरेशन या इलाज के नाम पर रुपये मांगे जा रहे हैं तो यह गंभीर मामला है। उन्होंने पूरे मामले की जांच और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

उन्होंने ऐलान किया कि यदि मरीजों की समस्याओं और मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ तो अगले सोमवार से मेडिकल कॉलेज परिसर में धरना दिया जाएगा। मामले में तीमारदार जोशी यादव ने भी इलाज के दौरान सामने आई परेशानियों और अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर अपनी शिकायत पूर्व विधायक के सामने रखी।

Also Read: UP: इंस्टाग्राम पर किशोरी से दोस्ती, बहला-फुसलाकर ले गया युवक, दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार

हालांकि, मरीजों से रुपये मांगने, बाहर की दवाइयां लिखने और इलाज में लापरवाही के आरोपों पर मेडिकल कॉलेज प्रशासन और संबंधित डॉक्टरों का पक्ष सामने आना अभी बाकी है। प्रशासनिक स्तर पर जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.