UP: मथुरा-वृंदावन महानगर कांग्रेस कमेटी की बैठक महानगर कांग्रेस कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष पं. यतेंद्र मुकद्दम ने की। इस दौरान 15 अगस्त को होने वाले स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रमों की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
होली गेट से निकलेगी प्रभात फेरी
महानगर अध्यक्ष पं. यतेंद्र मुकद्दम ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के दिन सुबह 6 बजे होली गेट से भव्य प्रभात फेरी निकाली जाएगी। प्रभात फेरी भक्ति वेदांत, मंडी चौक बाजार और विश्राम घाट होते हुए वापस होली गेट पहुंचेगी। उन्होंने बताया कि इसमें कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल होकर देशभक्ति का संदेश देंगे।
कांग्रेस कार्यालय में होगा ध्वजारोहण
प्रभात फेरी के समापन के बाद महानगर कांग्रेस कार्यालय पर राष्ट्रध्वज फहराया जाएगा। कांग्रेस नेताओं के अनुसार, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पार्टी कार्यालय में ध्वजारोहण की परंपरा करीब छह दशकों से चली आ रही है। ध्वजारोहण के बाद कार्यालय परिसर में परंपरागत रूप से कचौड़ी-जलेबी के नाश्ते का आयोजन भी किया जाएगा।
वरिष्ठ कांग्रेसजनों का होगा सम्मान
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान महानगर कांग्रेस कमेटी की ओर से पार्टी के वरिष्ठ एवं बुजुर्ग कांग्रेसजनों को सम्मानित किया जाएगा। संगठन का कहना है कि इन वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने लंबे समय तक कांग्रेस को मजबूत करने के साथ जनसेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। बैठक में स्वतंत्रता संग्राम और कांग्रेस के ऐतिहासिक योगदान को भी याद किया गया।
Also Read: UP: ‘हर घर तिरंगा’ की धूम, रंगोली और पोस्टर से बच्चों ने जगाया देशभक्ति का जज्बा
कार्यकर्ताओं से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील
पं. यतेंद्र मुकद्दम ने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से 15 अगस्त के कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की। बैठक में वरिष्ठ उपाध्यक्ष मुकीम कुरैशी, वीरेंद्र सिंह शिसौदिया, प्रभारी महामंत्री कार्यालय राजू फारूकी, राहुल चतुर्वेदी, दुर्गेश बघेल, अनामधन तिवारी, मोहम्मद सलमान, जितेंद्र सिंह ससौदिया, सुकुमार गौतम ‘बंटी’, आशीष अरोड़ा और निशांत शर्मा ‘निक्की’ सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।



















































