मथुरा: प्रदेश में बढ़ती महंगाई, किसानों को खाद की उपलब्धता में आ रही दिक्कतों, भ्रष्टाचार और स्मार्ट मीटर व्यवस्था को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को महावन तहसील पर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं और किसानों ने पहले महावन स्थित पशु पैंठ पर एकत्र होकर पैदल मार्च निकाला और फिर तहसील पहुंचकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगें उठाईं।
महंगाई और खाद संकट पर सरकार को घेरा
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से आम जनता, मजदूर और मध्यम वर्ग आर्थिक दबाव झेल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि खरीफ सीजन में किसानों को यूरिया और डीएपी खाद समय पर उपलब्ध नहीं हो रही है, जिससे उन्हें लंबी कतारों में लगना पड़ रहा है और फिर भी पर्याप्त मात्रा में खाद नहीं मिल पा रही।
Also Read: UP: मथुरा में राशन वितरण पर सवाल, ग्रामीणों ने डीलर के खिलाफ खोला मोर्चा
स्मार्ट मीटर और बिजली बिल को लेकर उठाए सवाल
कांग्रेस नेताओं ने स्मार्ट मीटर व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए। उनका कहना था कि कई क्षेत्रों से मीटरों की रीडिंग अपेक्षा से अधिक आने की शिकायतें मिल रही हैं, जिसके कारण उपभोक्ताओं के बिजली बिल बढ़ रहे हैं। उनका आरोप है कि पहले से महंगाई की मार झेल रही जनता पर यह अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला जा रहा है।
राम मंदिर चढ़ावा और छात्रों के मुद्दे पर भी बयान
मुकेश धनगर ने अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे को लेकर सामने आए आरोपों का उल्लेख करते हुए सरकार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। वहीं, पूर्व महानगर कांग्रेस अध्यक्ष विक्रम वाल्मीकि ने भी इस मुद्दे के साथ-साथ छात्रों पर कथित कार्रवाई को लेकर सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि जनता इन मामलों में जवाब चाहती है।
बड़ी संख्या में शामिल हुए कांग्रेस कार्यकर्ता
कार्यक्रम का संचालन ब्लॉक अध्यक्ष पंकज चौधरी ने किया। प्रदर्शन में बलवीर प्रधान, हाकिम सिंह छोकर, शैलेंद्र चौधरी, टिंकू धनगर, राजा गौतम, राजकुमार तिवारी, राजेश सारस्वत, दीपक आर्य, मनोज गौड़, अप्रतिम सक्सैना, पुष्पेंद्र चौधरी, पीर मोहम्मद, विपुल पाठक, हारुन, सुखदेव चौधरी, नेम सिंह, धर्मेंद्र प्रधान, अमित दीक्षित, दीपक दीक्षित, गौरांग अग्रवाल, हाशिम हुमेंर, करन निषाद, गीता दिवाकर, भगवान सिंह, दीपक सिंह, अजीम शाह, अनिल खरे, अमर प्रताप, शरीक कुरैशी, हुंकार सिंह, होरी लाल, कोमल सिंह, जितेंद्र धनगर, राजकुमार सिंह, ब्रज बिहारी लाल, दिलशाद खान और राजेश कुमार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)



















































