जसवंतनगर: थाना क्षेत्र के कुरसेना में राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित सर्विस रोड पर मारपीट के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे युवक पर तमंचे से पांच राउंड फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। गोलियों की तड़तड़ाहट से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पीड़ित ने आरोपियों पर जान से मारने की नीयत से हमला करने और धमकी देकर फरार होने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई है।
कुरसेना निवासी शरीफ अली पुत्र सूबेदार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह सुनील कुमार के साथ कुरसेना रोड से गुजर रहा था। इसी दौरान मोहित पुत्र रमेश चंद्र और गुलशन पुत्र दिनेश चंद्र निवासी मदनपुरा के साथ कुछ लोग मारपीट कर रहे थे। शरीफ ने बीच-बचाव कर उन्हें बचाने का प्रयास किया। आरोप है कि इससे नाराज होकर साहिल उर्फ रोमियों पुत्र ताज अली उर्फ छोटे निवासी कुरसेना, निशांक उर्फ नीलू पुत्र वीरबल निवासी नगला खुशाल और आनंद पुत्र बलराम निवासी नगला अतिराम, थाना करहल, मैनपुरी ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
पीड़ित के मुताबिक विवाद बढ़ने पर साहिल उर्फ रोमियों ने तमंचा निकालकर उसे निशाना बनाते हुए पांच राउंड फायर कर दिए। गनीमत रही कि गोलियां उसे नहीं लगीं। फायरिंग के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले।
पीड़ित ने बताया कि साहिल को करीब आठ दिन पहले पुलिस ने अवैध तमंचे के साथ गिरफ्तार किया था। वहीं सीओ आयुषी सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।



















































