UP: गन्ने के खेत में कई फीट लंबे अजगर ने बकरी को बनाया शिकार, वन विभाग ने रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ाधाता। फतेहपुर जिले के धाता विकासखंड के रसूलपुर गांव में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब गन्ने के खेत के पास निजी नलकूप के समीप कई फीट लंबा अजगर एक बकरी को निगलता दिखाई दिया। अजगर को देखकर ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
बताया गया कि गांव के बाहर गन्ने के खेत के पास निजी नलकूप लगा है। इसके समीप स्थित बगीचे में आसन अली की बकरी बंधी थी। इसी दौरान अजगर ने बकरी को अपनी चपेट में ले लिया और उसे निगलना शुरू कर दिया। ग्रामीणों की नजर पड़ी तो उन्होंने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया। ग्रामीण जब मौके पर पहुंचे, तब तक अजगर बकरी को काफी हद तक निगल चुका था। कुछ देर बाद बकरी की मौत हो गई।
रस्सी से अजगर को बांधकर किया नियंत्रित
विशालकाय अजगर को देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई। लोग काफी देर तक सुरक्षित दूरी पर खड़े होकर पूरा नजारा देखते रहे। बाद में कुछ ग्रामीणों ने हिम्मत जुटाई और रस्सी की मदद से अजगर को नियंत्रित करने का प्रयास किया। किसी अनहोनी से बचने के लिए अजगर को बांध दिया गया।
डायल 112 को दी सूचना
ग्रामीणों ने घटना की जानकारी डायल 112 पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और अजगर की तस्वीरें लेने के साथ वन विभाग को सूचना दी। ग्रामीणों का कहना है कि वन विभाग को भी घटना की जानकारी दी गई थी।
वन विभाग ने सुरक्षित पकड़ा अजगर
सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने सावधानी बरतते हुए अजगर को कब्जे में लिया और उसे सुरक्षित स्थान पर ले गई। अजगर के रेस्क्यू के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
ग्रामीणों का कहना है कि गन्ने के खेतों और आसपास के बगीचों में आए दिन जंगली जीव दिखाई देने से लोगों में भय बना रहता है। खेतों में काम करने वाले किसानों और पशुपालकों को विशेष सतर्कता बरतनी पड़ती है।
रेंजर आकाश सिंह ने बताया कि वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची थी और अजगर को सुरक्षित कब्जे में लेकर उचित स्थान पर पहुंचा दिया गया है।



















































