Gonda: नवाबगंज थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर दुराचार करने के आरोप में वांछित चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी मुंबई जाने की फिराक में था, इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर उसे अयोध्या रोड स्थित नगवा मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।
जानिए क्या है पूरा मामला?
पुलिस के मुताबिक, थाना नवाबगंज क्षेत्र की रहने वाली वादिनी ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि मोहम्मद कैफ पुत्र सफात अली, निवासी होलापुर काजी, थाना नवाबगंज, जनपद गोण्डा, पिछले करीब दो-तीन वर्षों से शादी का झांसा देकर उसके साथ दुराचार करता रहा। आरोप है कि जब पीड़िता ने शादी करने की बात कही तो आरोपी लगातार मामले को टालता रहा। पुलिस के अनुसार, मुकदमा दर्ज कराने की बात कहे जाने के बाद आरोपी ने 16 सितंबर 2026 को निकाह किया तथा 21 सितंबर 2026 को कोर्ट मैरिज भी की। इसके बाद आरोप है कि आरोपी ने वादिनी को अपने साथ रखने से इनकार कर दिया और उसे धमकी दी। मामले में दी गई तहरीर के आधार पर थाना नवाबगंज में मुकदमा अपराध संख्या 329/2026 के तहत धारा 69, 318(4) और 351(3) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था।मामला दर्ज होने के बाद नवाबगंज पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तलाश कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर खास से सूचना मिली कि वांछित आरोपी कैफ बैग लेकर मुंबई जाने की तैयारी में अयोध्या रोड की ओर जा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने अयोध्या रोड स्थित नगवा मोड़ पर पहुंचकर घेराबंदी की।पुलिस के अनुसार, टीम को देखकर आरोपी ने मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे करीब 09:10 बजे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मोहम्मद कैफ पुत्र सफात अली, निवासी होलापुर काजी, थाना नवाबगंज, जनपद गोण्डा बताया।पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अहमद हुसैन तथा हेड कांस्टेबल आनंद सिंह शामिल रहे।














