UP: सहारनपुर में नशे के सौदागरों पर शिकंजा, 4.76 करोड़ की स्मैक के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार

UP: सहारनपुर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन सवेरा-नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर’ के तहत नकुड़ पुलिस, एंटी नारकोटिक्स सेल, सर्विलांस, स्वॉट और एसओजी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने स्मैक तस्करी के नेटवर्क से जुड़े तीन आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से 2 किलो 380 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक, बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 4 करोड़ 76 लाख रुपये है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 10 लाख 30 हजार रुपये नकद, चार मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक कांटा और एक अपाचे मोटरसाइकिल भी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सन्नी निवासी पखनपुर, थाना गंगोह, हाल निवासी बरेली, अर्शलान उर्फ गुड्डू निवासी बरेली और हर्षित निवासी शाहजहांपुर, हाल निवासी बरेली के रूप में हुई है।

Also Read; जौनपुर में नशे की हालत में धूत सिपाही का वीडियो हुआ वायरल, पुलिस अधीक्षक ने सिपाही को किया निलंबित

पुलिस पूछताछ में सन्नी ने कथित तौर पर बताया कि वह लंबे समय से स्मैक तस्करी से जुड़ा है और बरेली के जिलानी उर्फ बबलू से स्मैक खरीदकर आगे सप्लाई करता था। पूछताछ में सहारनपुर के एक अन्य आरोपी अमित उर्फ अनित का भी नाम सामने आया है, जिसके जेल जाने के बाद उसके भतीजे द्वारा कारोबार संभालने की बात बताई गई है।

पुलिस ने नकुड़ थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की जांच कर रही है। साथ ही नशे के कारोबार से अर्जित संपत्ति और धन के संबंध में भी जांच की जा रही है; जांच में अवैध कमाई से जुड़ी संपत्ति सामने आने पर नियमानुसार कुर्की की कार्रवाई की जा सकती है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)