गोण्डा में तीन दिन से बारिश का दौर जारी, तेज हवाओं से पेड़ गिरे, फसलों को भी भारी नुकसान

गोण्डा: जिले में पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश और तेज हवाओं ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। लगातार बारिश के चलते लोगों को घरों से निकलने में परेशानी हो रही है। बाजारों में भी सन्नाटा पसरा हुआ है, जबकि बस स्टॉप और रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की संख्या सामान्य दिनों की अपेक्षा काफी कम दिखाई दे रही है। बारिश के कारण जरूरी काम से निकलने वाले लोगों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

बारिश के साथ चल रही तेज हवाओं से धान, गन्ना और मक्का की फसलों को भी नुकसान पहुंचने की बात सामने आ रही है। ग्रामीण इलाकों में कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। खेतों में पानी भरने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। लगातार खराब मौसम के कारण सड़कों पर वाहनों की रफ्तार भी धीमी हो गई है और लोगों को सुरक्षित यात्रा करने में परेशानी हो रही है।

Also Read: रायबरेली में रील के चक्कर में रियल लाइफ दांव पर! शारदा नहर के तेज बहाव में कूद रहे स्टंटबाज, वीडियो वायरल

करनैलगंज तहसील क्षेत्र में तेज हवा और बारिश के कारण तीन शीशम के पेड़ गिर गए। हालांकि गनीमत रही कि पेड़ों की चपेट में आने से कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। पेड़ों के सड़क पर गिरने से कुछ समय के लिए आवागमन प्रभावित रहा। बाद में रास्ता साफ कराने की कार्रवाई की गई। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बारिश से खेतों में खड़ी फसलों को लेकर किसानों की चिंता बढ़ती जा रही है।

लगातार बारिश को देखते हुए स्कूल-कॉलेज बंद हैं। जिला प्रशासन की ओर से मौसम को लेकर लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई है। प्रशासन ने लोगों से जरूरी होने पर ही घर से निकलने तथा जलभराव वाले स्थानों पर सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में भी प्रशासनिक स्तर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है। वहीं बारिश और तेज हवाओं से फसलों को हुए नुकसान का आकलन किए जाने की जरूरत महसूस की जा रही है। प्रशासन और संबंधित विभागों की ओर से मौसम की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)