UP: गाजीपुर जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नोनहरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस और शातिर गौतस्करों के बीच हुई मुठभेड़ में एक तस्कर गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने तस्करों के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, पंजाब नंबर की डीसीएम और 10 गोवंश बरामद किए हैं। दोनों आरोपी पंजाब से गोवंश लेकर बिहार जा रहे थे। इस बात की पुष्टि सीओ कासिमाबाद अनुभव राजर्षि ने की पुष्टि।
इस दौरान उन्होंने बताया कि नोनहरा थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के पुलिस और गौतस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार अटवा मोड़ चौकी प्रभारी को सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध डीसीएम वाहन गाजीपुर घाट की तरफ से मुहम्मदाबाद होते हुए बिहार की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने अटवा मोड़ पक्का पुल मंदिर के पास घेराबंदी कर वाहन को रोकने का प्रयास किया।
पुलिस का दावा है कि वाहन रुकवाने पर बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में संतुलित फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश परमजीत सिंह के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को तत्काल उपचार के लिए सदर अस्पताल भेजा गया, जबकि उसके साथी गुरपंत सिंह को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पंजाब के लुधियाना जिले से गोवंश लादकर बिहार ले जा रहे थे। पुलिस ने उनके कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, पंजाब नंबर की डीसीएम और 10 गोवंश बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।














