Amethi: मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर अमेठी में कांग्रेस का विरोध मार्च, भाजपा के खिलाफ की नारेबाजी

Amethi: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ता अमेठी में सड़क पर उतर आए। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रदीप सिंघल के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने गौरीगंज कस्बे में विरोध मार्च निकालकर चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए और भाजपा के खिलाफ नारेबाजी की।

जानिए क्या है पूरा मामला?

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काले कपड़े पहनने के साथ ही हाथों में काले फीते बांधकर विरोध जताया। दोपहर करीब एक बजे कांग्रेस कार्यालय से निकला विरोध मार्च कस्बे के विभिन्न मार्गों से होते हुए वापस कांग्रेस कार्यालय पहुंचकर समाप्त हुआ। मार्च में महिला और पुरुष कार्यकर्ताओं के साथ अरविंद चतुर्वेदी, अनिल सिंह समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब मिलना चाहिए। कांग्रेस देशभर में चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रही है।

ALSO READ: Saharanpur में कांग्रेसियों का कलेक्ट्रेट पर हंगामा, पुलिस से धक्का-मुक्की में जिलाध्यक्ष का फटा कुर्ता

पूर्व मंत्री आशीष शुक्ला ने कहा कि लोकतंत्र में चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और मतदाताओं का विश्वास सबसे महत्वपूर्ण है। चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था की कार्यप्रणाली को लेकर यदि सवाल उठ रहे हैं तो उनकी निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से जांच होनी चाहिए। कांग्रेस जनता के बीच इन मुद्दों को लेकर अपनी आवाज उठाती रहेगी और चुनावी व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग करती है। जिला कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर कई सवाल सामने आए हैं। कांग्रेस इन मामलों की निष्पक्ष जांच की मांग कर रही है। प्रदर्शन के दौरान कुछ देर के लिए कस्बे में अफरा-तफरी का माहौल भी रहा। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए गौरीगंज, जामो और मुंशीगंज थाने की पुलिस टीम तैनात रही। पुलिस की मौजूदगी में कांग्रेस का विरोध मार्च शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)