UP: सुल्तानपुर जिले की बैंक सखियों ने अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर सोमवार को जिलाधिकारी कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। इसके बाद जिलाधिकारी को संबोधित चार सूत्रीय मांगपत्र सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग की। बैंक सखियों ने कहा कि वे ग्रामीण क्षेत्रों में सरकार की वित्तीय समावेशन योजना को धरातल तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें मिलने वाला मानदेय महंगाई के मौजूदा दौर में पर्याप्त नहीं है।
बैंक सखियों ने मांग की कि उनका मासिक मानदेय बढ़ाकर 25 से 30 हजार रुपये किया जाए, ताकि वे सम्मानजनक तरीके से अपने परिवार का भरण-पोषण कर सकें। उन्होंने अपनी सेवा को स्थायी किए जाने की मांग भी उठाई। बैंक सखियों का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं को सुचारु रूप से संचालित करने में उनकी अहम भूमिका है, इसलिए उनके कार्य और जिम्मेदारियों को देखते हुए सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
जौनपुर: एडेड कॉलेजों के शिक्षकों का फूटा गुस्सा, मानदेय बढ़ाने और सेवा विनियमित करने की मांग
मांगपत्र में बैंक सखियों ने प्रत्येक को निःशुल्क स्मार्टफोन और प्रतिमाह मुफ्त डेटा व कॉलिंग रिचार्ज देने की मांग की। इसके अलावा निःशुल्क जीवन एवं स्वास्थ्य बीमा कराने की मांग भी रखी गई। बैंक शाखाओं में काम करने के दौरान बैठने के लिए उचित स्थान, शौचालय और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी मांग की गई।
बैंक सखियों ने कहा कि वे पूरी निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रही हैं। उन्होंने जिलाधिकारी से मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए संबंधित विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने की अपील की। प्रदर्शन के दौरान बैंक सखियों ने अपनी समस्याओं के समाधान के लिए आवाज बुलंद की।














