Varanasi: पीएम मोदी काशी को देंगे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की सौगात, मैच का शेड्यूल जारी, जानें कब होगा पहला मैच

Varanasi: गंजारी में तैयार हो रहा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम अब क्रिकेट मुकाबलों की मेजबानी के लिए लगभग तैयार है। अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संभावित वाराणसी दौरे के दौरान स्टेडियम का उद्घाटन होने की संभावना है। उद्घाटन के बाद दिसंबर में यहां पहला आधिकारिक घरेलू मुकाबला खेला जाएगा। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) ने स्टेडियम को कुच बिहार ट्रॉफी अंडर-19 के दो मुकाबलों की मेजबानी सौंपी है।

जानिए क्या है पूरा मामला?

पहला मुकाबला 3 से 6 दिसंबर तक उत्तर प्रदेश और पुडुचेरी के बीच प्रस्तावित है। इसके बाद 11 से 14 दिसंबर तक उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ की टीमें आमने-सामने होंगी। इन मुकाबलों के साथ ही गंजारी स्टेडियम में आधिकारिक क्रिकेट की शुरुआत हो जाएगी। दिसंबर के बाद जनवरी में महिला प्रीमियर लीग (WPL) के मुकाबले कराने की तैयारी भी चल रही है। वर्ष 2027 का WPL 14 जनवरी से 7 फरवरी तक प्रस्तावित है। वाराणसी को आयोजन स्थलों में शामिल करने पर विचार किया जा रहा है। यदि जनवरी तक स्टेडियम की सभी सुविधाएं पूरी तरह तैयार रहीं तो यहां WPL के मुकाबले भी आयोजित किए जा सकते हैं।

ALSO READ: UP: चमुखी विश्वकर्मा मंदिर के लिए 1.10 करोड़ मंजूर, समाज में उत्साह

निर्माण एजेंसी को अक्टूबर के दूसरे सप्ताह में स्टेडियम को संबंधित संस्था को हैंडओवर करना है। इससे पहले मैदान, पिच और अन्य क्रिकेट सुविधाओं का निरीक्षण किया जा चुका है। आधिकारिक मुकाबलों से पहले यहां अभ्यास और फ्रेंडली मैच भी कराए जाने की तैयारी है, जिससे मैदान और व्यवस्थाओं को परखा जा सके। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 23 सितंबर 2023 को स्टेडियम का शिलान्यास किया था। करीब 450 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहे इस अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में लगभग 30 हजार दर्शकों के बैठने की क्षमता होगी। इसे डे-नाइट मुकाबलों के लिए विकसित किया गया है। स्टेडियम की वास्तुकला में काशी की संस्कृति और पहचान को विशेष स्थान दिया गया है। यहां त्रिशूल के आकार की फ्लड लाइट, डमरू की आकृति वाला पवेलियन, अर्द्धचंद्राकार छत और घाट की सीढ़ियों से प्रेरित दर्शक दीर्घा आकर्षण का केंद्र होंगी।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)